राजकीय इटखोरी महोत्सव 19-21 तक, मालिनी अवस्थी व मैथिली ठाकुर बिखेरेंगी अपनी गायकी का जलवा
Jharkhand. 19 से 21 फरवरी तक विभिन्न कार्यक्रम होंगे। महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कराने की तैयारी है।
चतरा, जासं। चतरा में तीन दिवसीय राजकीय इटखोरी महोत्सव की तैयारियां तेज हो गई है। आयोजन को यादगार बनाने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से तत्पर है। 19 से 21 फरवरी तक विभिन्न कार्यक्रम होंगे। महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कराने की तैयारी है। महोत्सव में बॉलीवुड तथा लोक गायकी के बड़े-बड़े कलाकार आएंगे। लोक गायकी के क्षेत्र में देश-दुनिया में भारत का नाम रौशन कर चुकी मालिनी अवस्थी को इस बार भी बुलाने का निर्णय लिया गया है।
मालिनी अवस्थी के अलावा भक्ति लोकगीत में अपना परचम लहरा रही बिहार की मैथिली ठाकुर तथा बॉलीवुड की मशहूर सिंगर रिचा शर्मा को भी बुलाया जा रहा है। मशहूर सूफी गायिका ममता जोशी तथा बृजवासी ग्रुप को भी बुलाने पर विचार किया जा रहा है। इस बार महोत्सव में कोलकाता का अंडर ग्राउंड अथॉरिटी बैंड भी अपना जलवा दिखाएगा। देश के इस मशहूर बैंड का कार्यक्रम लगभग तय हो गया है। दिल्ली के वी वॉन नामक एक दिव्यांग ग्रुप को भी महोत्सव में बुलाने पर विचार चल रहा है। इस ग्रुप के सभी कलाकार दिव्यांग हैं।