जागरण संवाददाता, रांची : राजधानी रेन वाटर हार्वेस्टिग के मामले में काफी पिछड़ गई है। यहां तकरीबन 55 फीसद इमारतों में रेन वाटर हार्वेस्टिग सिस्टम नहीं लगा हुआ है। बरसात का ज्यादातर पानी बह जाता है और उसे ग्राउंड में रिचार्ज नहीं करने की वजह से गर्मी में भूगर्भ जलस्तर काफी नीचे चला जाता है। डीप बोरिग के जवाब दे जाने से कई इलाकों में जल संकट गहराया हुआ है। राजधानी में रेन वाटर हार्वेस्टिग सिस्टम की कमी के पीछे नगर निगम को जिम्मेदार माना जा रहा है।

----

निगम को भूगर्भ जलस्तर की फिक्र नहीं

नगर निगम रेन वाटर हार्वेस्टिग सिस्टम नहीं लगाने वाले लोगों से जुर्माने के तौर पर डेढ़ गुना होल्डिग टैक्स लेकर अपनी झोली भर रहा है। लेकिन ऐसे लोगों पर किसी तरह की दंडात्मक कार्रवाई नहीं हो रही है। ----

वाटर हार्वेस्टिग सिस्टम बनवाने को नहीं बनी मशीनरी

राजधानी में 3000 वर्ग फीट से अधिक क्षेत्रफल वाली इमारतों के मालिकों को रेन वाटर हार्वेस्टिग सिस्टम लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। लेकिन इस कानून को धरातल पर उतारने की मशीनरी नहीं है। नगर निगम के पास कोई ऐसी शाखा नहीं है जो रेन वाटर हार्वेस्टिग सिस्टम पर काम करती हो और उस पर फोकस करे। शहर का सर्वे कर यह पता लगाए कि किन-किन लोगों ने इस सिस्टम को नहीं लगाया उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई हो।

----

नागरिक निभाएं जिम्मेदारी, जुर्माना की जगह लगाएं वाटर हार्वेस्टिग

माना जा रहा है कि रेन वाटर हार्वेस्टिग सिस्टम अगर राजधानी के सभी घरों में लग जाए तो बरसात का जो पानी नदी और नालों में बह जाता है वह भूगर्भ में रिचार्ज हो जाएगा। इससे शहर का भूजल स्तर बढ़ेगा और गर्मी में हर साल होने वाले जल संकट से निजात मिलेगी। लोगों को भी डेढ़ गुना अधिक होल्डिग टैक्स भरने की जगह घरों में रेन वाटर हार्वेस्टिग सिस्टम लगाना होगा।

---

नगर निगम के इरादे में खोट

रेन वाटर हार्वेस्टिग सिस्टम नहीं बनाने वाले नगर निगम को डेढ़ गुना अधिक होल्डिग टैक्स दे रहे हैं। इस तरह निगम को राजस्व मिल रहा है, तो वह इमारतों के मालिकों पर रेन वाटर हार्वेस्टिग सिस्टम बनाने का दबाव नहीं डाल रहा। इससे योजना धरातल पर नहीं उतर पा रही है। योजना का मकसद पूरा नहीं हो पा रहा है। दरअसल, नगर निगम के मकसद में ही खोट है। उसे ज्यादा से ज्यादा राजस्व कमाना है। अगर उसका उद्देश्य इमारतों में रेन वाटर हार्वेस्टिग सिस्टम लगाना होता तो वह जुर्माने की जगह और कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की रूपरेखा तैयार करता।

---

रेन वाटर हार्वेस्टिग सिस्टम बनवाने के लिए नगर निगम ने 17 एजेंसियों को अधिकृत किया है। लेकिन इधर कोरोना महामारी की वजह से इस योजना पर फोकस नहीं किया जा सका।

- रमाशंकर राम, मुख्य अभियंता नगर निगम।

शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप