Weather Update: तेज हवा के साथ झारखंड के कई जिलों में बारिश, 28 तक छाए रहेंगे बादल
Jharkhand Weather Update. तेज गर्जन के साथ करीब आधे घंटे तक बारिश होती रही। इस दौरान बादल भी गरजे। बारिश के दौरान भी हवा का झोंका चलता रहा।
रांची, जेएनएन। Jharkhand Weather Update रांची समेत कई जिलों में दोपहर बाद तेज बारिश हुई। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहे। तेज गर्जन के साथ करीब आधे घंटे तक बारिश होती रही। इस दौरान बादल भी गरजे। हालांकि बारिश के बाद मौसम फिर साफ हो गया और धूप निकल आई। रांची, धनबाद सरायकेला-खरसांवा, सिमडेगा और पश्चिम सिंहभूम जिले के कुछ भागों में मध्यम दर्जे की बारिश हुई। बारिश से पहले तेज हवा भी चली। बारिश के दौरान भी हवा का झोंका चलता रहा। इधर, गिरिडीह में वज्रपात से एक युवक की मौत हो गई। युवक चापाकल पर पानी लाने गया था। इसी दौरान वज्रपात हुआ और युवक वज्रपात की चपेट में आ गया। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां उसकी मौत हो गई।
28 अप्रैल तक गरज के साथ हल्की बारिश के आसार
मौसम पूर्वानुमान के तहत 23 से 28 अप्रैल तक रांची समेत आसपास के क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। 24 से 28 अप्रैल तक गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के निदेशक डॉ. एसडी कोटाल ने बताया कि दक्षिणी झारखंड से मन्नार की खाड़ी होते हुए ओडि़शा के आंतरिक हिस्सों, दक्षिणी छत्तीसगढ़, तेलंगाना, रायलसीमा व तमिलनाडु के आंतरिक हिस्सों तक समुद्रतल से ऊपर 0.9 किमी. क्षेत्र में एक टर्फ लाइन बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि 23 अप्रैल को राज्य के उत्तर.पूर्वी व दक्षिणी भाग में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश व वज्रपात होने की संभावना है। 24 व 25 अप्रैल को राज्य के उत्तर-पूर्वी, मध्य व दक्षिणी भाग में तेज हवा व गरज के साथ ओलावृष्टि व हल्की बारिश होने की संभावना है। 26 अप्रैल को राज्य के कई जिलों में तेज हवा व गरज के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश व वज्रपात होने की संभावना है। जबकि उत्तर-पूर्वी भाग, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ व साहेबगंज में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने इस संबंध में येलो अलर्ट भी जारी किया है।
27 व 28 अप्रैल को भी राज्य के कई जिलों में तेज हवा व गरज के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश और वज्रपात होने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में लोहरदगा व लातेहार में 20 मिमी.ख् चाईबासा, सिमडेगा, कोलेबिरा, चांडिल, बालूमाथ व तोरपा में 10 मिमी. बारिश हुई। इधर रांची में मंगलवार की रात 1.2 मिमी. बारिश दर्ज की गई। सामान्य तापमान की तुलना में बुधवार को रांची के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में 4.0 डिसे. की गिरावट दर्ज की गई।
बुधवार का तापमान, डिसे. में
शहर अधिकतम न्यूनतम
रांची 32.2 18.5
जमशेदपुर 33.2 20.6
डालटनगंज 36.6 23.1