Fani Cyclone के चलते झारखंड में बंद रहेंगे स्कूल, मोदी-योगी की सभा टली
Fani Cyclone. बंगाल की खाड़ी में बना साइक्लोनिक स्टॉर्म फानी के प्रभाव के कारण दक्षिणी व मध्य झारखंड में तेज हवाओं के साथ वज्रपात की संभावना जताई गई है।
रांची, जासं। Fani Cyclone - Cyclone Fani - चक्रवाती तूफान फानी के प्रभाव में झारखंड भी आ गया है। फानी के असर से यहां राजधानी रांची समेत कई जिलों में बीते दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इसके प्रभाव से 4 और 5 मई काे भी झारखंड के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश हो सकती है। इस बीच 'फानी' को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उच्चस्तरीय बैठक के बाद एनडीआरएफ की दो टीमें राहत और बचाव के लिए झारखंड में मुस्तैद की गई हैं।
माैसम विज्ञान केंद्र के अनुसार फानी चक्रवात बंगाल की खाड़ी से होते हुए ओडिशा काेस्ट से आगे बढ़ रहा है। 230 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से यह 4 मई काे ओडिशा के तट पहुंचेगा। इसका व्यापक असर 3, 4 और 5 मई को झारखंड में दिखेगा। हालांकि इससे पूर्वी इलाके में लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। वहीं चक्रवात के असर से ओडिशा के सीमावर्ती जिलों में तबाही का खतरा भी बना हुआ है। यहां घंटों मध्यम से तेज बारिश भी हाे सकती है।
पूर्वी सिंहभूम में दो दिन बंद रहेंगे स्कूल
इधर फानी तूफान की संभावना को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम के सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों को दो दिन बंद रखने का फैसला जिला प्रशासन ने लिया है। यहां के सारे स्कूल तीन एवं चार मई को बंद रहेंगे। उपायुक्त ने इस बाबत आदेश जारी किए हैं। स्कूलों में शिक्षकों ने क्लास रूम के ब्लैक बोर्ड पर दो दिनों तक स्कूल बंद रखने की सूचना लिखी। नर्सरी से पांचवीं कक्षा तक के बच्चों को लिखित नोटिस दिया गया है।
मोदी-योगी की सभा पर Cyclone Fani का साया
फानी तूफान के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कोल्हान में होने वाली चुनावी जनसभा अब पांच के बदले छह मई को होगी। जबकि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सभा स्थगित कर दी गई है। पीएम मोदी की सभा कोल्हान प्रमंडल के पश्चिमी सिंहभूम के मुख्यालय चाईबासा में पांच मई को होनी थी। अब यह टाटा कॉलेज में छह मई को होगी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सभा जमशेदपुर के गोपाल मैदान में तीन मई को होनी थी। फानी की तबाही के चलते सभा स्थगित कर दी गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान की मानें तो दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी व सीमावर्ती क्षेत्रों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण दो से पांच मई तक लगातार बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिक आरएस शर्मा ने बताया कि दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी व सीमावर्ती क्षेत्रों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना है। झारखंड में इस सिस्टम का आंशिक असर होगा। मौसम वैज्ञानिकों ने इसे फानी (एफएएनआइ) नाम दिया है।
यह सिस्टम सीवियर से वेरी सीवियर साइक्लोनिक सर्कुलेशन में परिवर्तित हो गया है। बुधवार के बाद यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम की ओर व उसके बाद उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ेगा। इसके अलावा ओडि़शा के आंतरिक हिस्सों व उससे जुड़े सीमावर्ती क्षेत्रों में समुद्रतल से ऊपर 1.5 किमी. क्षेत्र में साइक्लोनिक सर्कुलेशन का व्यापक असर है।
उन्होंने बताया कि दो से पांच मई तक दक्षिणी व मध्य झारखंड के जिलों में कुछ स्थानों पर हल्के व मध्यम दर्जे की बारिश होगी। उन्होंने बताया कि कुछ जिलों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने व वज्रपात होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक शर्मा के मुताबिक बुधवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। तीन मई को आसमान में गरज वाले बादल बनने की संभावना है, हल्की बारिश भी होगी।
यह भी पढ़ें : Fani Cyclone: झारखंड में अलर्ट, आंधी-तूफान के साथ होगी जोरदार बारिश; NDRF मुस्तैद
यह भी पढ़ें : ओडिशा के तट से आज सुबह टकराएगा 43 सालों का सबसे भीषण तूफान 'फानी', सेना सतर्क, 223 ट्रेनें निरस्त