Rain Forecast: इस मानसून झूम कर बरसेंगे बादल, जगलाल पहान ने की अच्छी बारिश की घोषणा
Jharkhand Rain Forecast. सरहुल पर्व के दौरान घड़े में पानी देखकर पूर्वानुमान लगाने वाले पहान ने कहा कि इस बार सरहुल अच्छी बारिश का संदेश लेकर आया है।
रांची, जासं। Rain Forecast इस मानसून झारखंड में अच्छी बारिश होगी। बादल जमकर बरसेंगे। सरहुल की सुबह ने राजधानी में अच्छी बारिश के संकेत दिए हैं। सरहुल पर्व के मौके पर पूजा के पश्चात रांची के हातमा सरना स्थल में मुख्य पहान जगलाल पहान ने मानसून के बेहतर होने की घोषणा की है। उन्होंने एक दिन पूर्व जल रखाई की विधि के तहत घड़े में रखे पानी को देखा। पानी का एक भी बूंद घड़े के बाहर नहीं गिरा था। जगलाल पहान ने बताया कि रविवार रात को तेज आंधी के बावजूद पानी का एक भी बूंद बाहर नहीं है, इसका अर्थ है कि राजधानी सहित अन्य मौजों में इस वर्ष बारिश अच्छी होगी।
हातमा के अलावा जिले के बाकी सभी सरना स्थल पर पहानों द्वारा भी अच्छी बारिश का संकेत दिया गया है। विधि-विधान के साथ सुबह की पूजा संपन्न हुई। पूजा में पहानों द्वारा मुर्गे की बलि दी गई, जिसके पश्चात उन्हें कंधे पर बिठा कर उनके घर तक लाया गया। घर पहुंच कर जलरखाई के घड़े का परीक्षण कर पहानों ने बारिश का संदेश दिया। इस क्रम में सामान्य से अच्छे मानसून की भविष्यवाणी की उम्मीद जताई गई है।
पहानों के पैर धोकर लिया आशीर्वाद
सुबह की पूजा के बाद ढोल-नगाड़े के साथ उत्सव की शुरुआत हुई। महिलाओं ने पहानों के पैर धोकर आशीर्वाद लिए। मौजा के अन्य लोगों ने पहान से आशीर्वाद लिया। माथे पर तिलक और कान के पीछे सरैय का फूल लगा कर पहानों ने सभी को सरहुल पर्व की शुभकामनाएं दी। सुबह की पूजा के बाद आदिवासी समुदाय के सभी लोग पारंपरिक वेश-भूषा में तैयार होकर शोभायात्रा में शामिल हुए।