Coronavirus News Update: रेलवे ने रांची में 12 हजार जरूरतमंदों को कराया भोजन
रांची रेल मंडल के सदस्यों ने करीब12000 लोगों की भूख मिटाने का काम किया है। आरपीएफ आइआरसीटीसी आदि विभाग मिलकर यह नेक काम कर रहे हैं।
रांची, जासं। Coronavirus News Update लॉकडाउन के दौरान रांची रेल मंडल के सदस्ययों ने रांची और उसके आसपास क्षेत्रों में करीब 12000 लोगों की भूख मिटाने का काम किया है। बीते 10 दिनों से रेलवे के आरपीएफ, आइआरसीटीसी और कमर्शियल डिपार्टमेंट सहित अन्य विभागों द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। कभी हटिया स्टेशन के बाहर, तो कभी रांची स्टेशन और कभी बानो स्टेशन तक बाहर खड़े गरीब और असहाय लोगों को खाना खिलाने का काम रेलवे कर रहा है।
प्रतिदिन सहाय तथा गरीबों को खिलाते हैं खाना
आरपीएफ की टीम और आइआरसीटीसी सहित अन्य रेलकर्मी अपने रोजमर्रा काम के साथ कुछ समय इन लोगों के लिए भी निकालते हैं। कर्मी अपनी जान की परवाह ना कर एक सच्चे योद्धा की तरह रोजाना ऐसे जरूरतमंदों के बीच पहुंचकर उन्हें भोजन खुद कराते हैं। यह सभी अपने सहयोगियों के बीच कुछ पैसे इकट्ठा कर असहाय व गरीबों को खाना खिलाते हैं। इन्हें कभी चावल और सब्जी तो कभी खिचड़ी खिलाई जाती है। बीच-बीच में सुदूर क्षेत्रों में जाकर लोगों को सूखा राशन भी देते हैं। इसी दिशा में हटिया स्टेशन व अन्य क्षेत्रों में कमर्शियल डिपार्टमेंट द्वारा करीब 500 लोगों को खाना खिलाया गया।