यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 31, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Railway Ticket Booking: ऑनलाइन व ऑफलाइन रेलवे टिकट बनाने पर मिलेगी 5% की छूट, जानें इसकी प्रक्रिया
Railway Ticket Booking Koderma News कोरोना काल में नकद भुगतान में कमी लाने के लिए रेलवे ने यह फैसला लिया ...और पढ़ें

झुमरीतिलैया (कोडरमा), जासं। कोरोना संक्रमण काल में नकद भुगतान में कमी लाने के लिए रेलवे ऑनलाइन भुगतान के साथ-साथ यूपीआइ (यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस) से भुगतान को बढ़ावा दे रहा है। अब रेलवे काउंटर पर आरक्षित टिकट की बुकिंग का भुगतान यूपीआइ से करने पर पांच फीसद की छूट मिलेगी। यानी तय किराया से पांच फीसद कम रुपये लिए जाएंगे। इस संबंध में रेलवे बोर्ड की ओर से सभी जोन के महाप्रबंधकों को सर्कुलर जारी कर दिया गया है।
जीएम यानि महाप्रबंधक ने सभी मंडलों के रेल प्रबंधकों को आदेश भेजा है कि आरक्षित टिकट का भुगतान यूपीआइ से करने पर पांच फीसद की छूट दी जाए। यह सुविधा अगले साल 12 जून तक की यात्रा पर मिलेगी। पूर्व-मध्य रेलवे के सीपीआरओ राजेश कुमार ने बताया कि पहले ऑनलाइन आरक्षित टिकट की बुकिंग पर पांच फीसद की रियायत देने की घोषणा की गई थी।
रेलवे ने अब एक कदम और बढ़ाते हुए कोरोना संक्रमण के दौरान नकद भुगतान से बचने के लिए यूपीआइ से भुगतान को बढ़ावा देने का निर्णय लिया है। इसके तहत कोई भी यात्री किसी भी आरक्षित टिकट काउंटर से यूपीआइ के माध्यम से भुगतान कर रेलवे का आरक्षित टिकट ले सकते हैं। यूपीआइ के तहत भीम एप को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। यूपीआइ से भुगतान करने पर यात्रियों को उस पीएनआर पर लिए गए सारे यात्रियों को रियायत दी जाएगी। यह संपूर्ण राशि में ही समाहित होगा।
