Rail News: घर जाने में होगी आसानी, छठ पर्व बिहार के लिए ट्रेन चलाने की तैयारी में रेलवे
रांची से बिहार के लिए ट्रेन मिलने से छठ के मौके पर लोगों को अपने घर बिहार जाने में आसानी होगी। कोरोना महामारी के इस दौर में भी रेलवे स्वास्थ्य विभाग के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए कई स्पेशल ट्रेन चला रहा है।
रांची (जागरण संवाददाता) । रेलवे छठ के मौके पर बिहार के लिए और ट्रेन चलाने की तैयारी में है। रांची को बिहार के लिए एक और ट्रेन मिल सकती है। इसे लेकर कवायद चल रही है। दक्षिण पूर्व जोन से रेलवे बोर्ड को इस संबंध में प्रस्ताव भेजा गया है। अगर राज्य सरकार की हरी झंडी मिलेगी, तो रांची इलाके को बिहार के लिए एक और ट्रेन मिल जाएगी। बिहार के लिए एक और ट्रेन मिलने से छठ के मौके पर लोगों को अपने घर बिहार जाने में आसानी होगी। कोरोना महामारी के इस दौर में भी रेलवे स्वास्थ्य विभाग के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए कई स्पेशल ट्रेन चला रहा है। रेलवे चार्ट और दिवाली से पहले ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की तैयारी में है।
अक्टूबर-नवंबर में दुर्गा पूजा, दशहरा, दिवाली और छठ के बड़े त्योहार होते हैं। उस समय यात्रियों की आवाजाही बढ़ जाती है। रेलवे इसी स्थिति के मद्देनजर और ट्रेनें चलाने की तैयारी कर रहा है। रेलवे अधिकारियों के सूत्रों के मुताबिक जल्द ही रेलवे बोर्ड 100 के करीब ट्रेन चलाने जा रहा है। इसी में से एक ट्रेन रांची को भी मिल सकती है।
जोन के अधिकारियों से मांगे गए हैं प्रस्ताव
रेलवे बोर्ड के सूत्रों के अनुसार जोन के अधिकारियों से प्रस्ताव मांगे गए हैं। दक्षिण पूर्व रेलवे से लगभग पांच ट्रेनें मांगी गई हैं। इनमें रांची से एक ट्रेन शामिल है। अधिकारियों का कहना है कि रेलवे बोर्ड कम से कम दो ट्रेन की हरी झंडी जरूर देगा।
अभी रांची से हैं दो ट्रेनें
अभी रांची रेलवे स्टेशन से दो ट्रेनें ने चल रही हैं। एक ट्रेन राजधानी एक्सप्रेस रांची से दिल्ली जाती है। दूसरी ट्रेन सिकंदराबाद दरभंगा एक्सप्रेस है, जो रांची से होकर गुजरती है। बिहार जाने के लिए यह ट्रेन है। इसके पहले पटना से रांची के बीच जनशताब्दी एक्सप्रेस चलती थी। इसे राज्य सरकार के कहने पर रेलवे ने बंद कर दिया है।---जो भी स्पेशल ट्रेन चलेंगी वो रेलवे बोर्ड चलाएगा। अभी रेलवे बोर्ड से ऐसा आदेश नहीं आया है। अभी कागजी प्रक्रिया चल रही है।- एस घोष, जनसंपर्क अधिकारी दपू जोन