झारखंड में मेट्रो रेल के लिए निवेश करेगी जायकाः रघुवर दास
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड में रोजगार सृजन, कौशल विकास व तकनीकी के क्षेत्र का विकास होगा।
राज्य ब्यूरो, रांची। जापान इंटरनेशनल कोअॅापरेशन एजेंसी (जायका) झारखंड में मेट्रो के परिचालन के लिए वित्तीय मदद मुहैया कराएगी। रविवार को मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जायका राज्य में स्मार्ट सिटी, शहरी बुनियादी ढांचे, जल एवं स्वच्छता सहित राज्य के अन्य बुनियादी ढांचे के विकास के लिए भी वित्तीय सहायता मुहैया कराएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्व में भारत की छवि बदली है। जापान और भारत के संबंध प्रगाढ़ हुए हैं। जापान के प्रधानमंत्री ने अपने भारत दौरे के क्रम में देश में 35 बिलियन डॉलर निवेश की बात कही थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जायका ने मेट्रो के लिए डीपीआर मांगा है। इस बारे में भारत सरकार के वित्तमंत्री से बातचीत कर जल्द ही पहल की जाएगी। डीपीआर तैयार होने के बाद ये एजेंसी जल्द ही झारखंड का दौरा करके प्रोजेक्ट के डीपीआर की स्टडी करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जापान की आइएससी कंपनी मुर्गी पालन और अंडा उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी है। झारखंड में इस कंपनी के सहयोग से अंडा उत्पादन को बढ़ाया जाएगा। उद्यमी सखी मंडल को इससे जोड़कर झारखंड सरकार अंडा उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी बनना चाहती है। मुख्यमंत्री ने अपनी विदेश यात्रा को सफल बताया।
उन्होंने कहा कि इससे झारखंड में रोजगार सृजन, कौशल विकास व तकनीकी के क्षेत्र का विकास होगा। जापान में हुए रोड शो की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम काफी सफल रहा। चेक गणराज्य के दौरे को भी उन्होंने काफी सफल बताया। उन्होंने कहा कि चेक आने वाले दिनों में इंजीनियरिंग के क्षेत्र में एचईसी को मजबूती प्रदान करेगा।