विदेशी साइकिल नही, वाहनों की पार्किग की मची होड़
रांची राजधानी में विदेशी साइकिल की सवारी के लिए चार्टर्ड बाइक कंपनी ने 60 डॉक्स का निर्माण किया है लेकिन इसमें वाहनों की पार्किग की जा रही है।
रांची : राजधानी में विदेशी साइकिल की सवारी के लिए चार्टर्ड बाइक कंपनी ने 60 डॉक्स का निर्माण कर दिया है। नगर निगम के पार्किग स्थल में भी डॉक्स का निर्माण कराया गया है। वैसे तो इस स्थल पर विदेशी साइकिलों की पार्किग होनी है, लेकिन शहरवासी इस स्थल पर न सिर्फ दोपहिया की पार्किग कर रहे हैं, बल्कि चार पहिया वाहनों की भी पार्किग हो रही है। डॉक्स में लगे लोहे के प्लेट्स हो रहे टेढ़े : दोपहिया और चार पहिया वाहनों की पार्किग के कारण डॉक्स में लगाए गए लोहे के प्लेट्स भी टेढे़ हो रहे हैं। सोमवार को अलबर्ट एक्का चौक स्थित नगर निगम के पार्किग स्थल में डॉक्स पर विदेशी साइकिल भी खड़ी थी और उसी के समानांतर एक रिक्शा भी। इसी प्रकार, कचहरी चौक स्थित नगर निगम के पार्किग स्थल में बनाए गए डॉक्स में चार पहिया वाहनों की पार्किग की गई थी। इन वाहन चालकों पर न तो किसी प्रकार की कार्रवाई की जा रही है और न ही इन्हें कोई रोकने वाला। होमगार्ड के जवान भी डॉक्स परिसर में ही दो पहिया वाहनों की पार्किग करा पार्किग शुल्क की वसूली कर रहे हैं। नई सुविधाओं को खुद करते हैं बर्बाद :शहर के लोगों में नई सुविधाओं को लेकर जागरूकता की कमी शुरू से दिख रही है। पहले तो चार्टर्ड बाइक को नुकसान पहुंचाए जाने की तस्वीरें सामने आईं। जिसके बाद पुलिस में इसकी शिकायत भी की गई थी। कुछ चार्टर्ड बाइक्स को लोगों ने घरों में ही रख लिया था, लेकिन बाद में छानबीन होने के बाद संबंधित व्यक्ति उसे खुद छोड़कर चले गए। ऐसे में अब डॉक्स में ही गाड़ियों की पार्किग किए जाने से लोगों में जागरूकता की कमी को लेकर नए सवाल खड़े होने लगे हैं।