Coronavirus Update: हज हाउस में क्वारंटाइन सेंटर बनाने का विरोध, लोगों ने किया हंगामा
Coronavirus Update. गुरुवार की देर रात कुछ लोग हज हाउस देखने और तैयारी के लिए पहुंचे थे। इसकी जानकारी मिलते ही कडरू के लोग हज हाउस के पास पहुंच गए।
रांची, जासं। राजधानी रांची के कडरू स्थित हज हाउस में क्वारंटाइन सेंटर बनने से पहले ही इसका विरोध शुरू हो गया है। प्रशासन द्वारा क्वारंटाइन सेंटर बनाए जाने की घोषणा के बाद गुरुवार की देर रात कुछ लोग हज हाउस देखने और तैयारी के लिए पहुंचे थे। इसकी जानकारी मिलते ही कडरू के लोग हज हाउस के पास पहुंच गए और इसका विरोध करने लगे। कडरू के लोगों ने कहा कि हज हाउस में किसी कीमत पर क्वॉरंटाइन सेंटर नहीं बनाने दिया जाएगा। इस बीच वहां हंगामा होने लगा। मौके पर अरगोड़ा थाने की पुलिस पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर वापस भेजा।
लोगों की मांग पर कडरू स्थित हज हाउस को क्वारंटाइन सेंटर बनाया गया। क्वारंटाइन लोगों को हज हाउस में शिफ्ट किया जाएगा। हंगामे के बाद प्रशासन ने हज कमेटी से बात की। इसके बाद हज हाउस को क्वारंटाइन सेंटर बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई। शुक्रवार से ही प्रशासन क्वारंटाइन किए गए लोगों को शिफ्ट करना शुरू कर देगी।
इन मांगों पर सहमति के बाद तैयार हुए लोग
मुस्लिम समाज के लोगों ने मांग रखी कि क्वरंटाइन किए जाने वालों के लिए हज हाउस में क्वारंटाइन सेंटर बनाई जाए। वहां अपने समाज के लोग बतौर वोलेंटियर काम भी करेंगे। इसके अलावा जिस मोहल्ले में कोरोना संक्रमित महिला मिली, उसके तीन किलाेमीटर के दायरे में सभी का टेस्ट कराया जाए। केवल नाला रोड और हिंदपीढ़ी फर्स्ट स्ट्रीट के लोगों को परेशान नहीं किया जाए। साथ ही जांच के नाम पर अनावश्यक भय का वातावरण नहीं बनाने की मांग भी रखी गई।
बता दें कि इस हज हाउस का उद्घाटन पिछले साल जून में तब के झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने किया था। कडरू में स्थित हज हाउस पूरी तरह से वातानुकूलित है। इसमें हज हाउस में तमाम तरह की सुविधाएं मौजूद हैं। हज हाउस का निर्माण 55 करोड़ रुपये से किया गया है। दो साल में यह बनकर तैयार हुआ है। यह पूर्वी भारत का सबसे बड़ा हज हाउस है। यहां हज यात्रियों को ट्रेनिंग देने से लेकर ठहरने व भोजन की व्यवस्था भी है। महिला और पुरुष के लिए अलग-अलग रहने की व्यवस्था है। हज यात्रियों को छोडऩे के लिए आने वाले लोगों के वाहनों के लिए डबल बेसमेंट पार्किंग की व्यवस्था की गई है।