पद्मावत के पहले शो के दिन कई सिनेमा हॉल रहे खाली
फिल्म पद्मावत को लेकर रांची एसएसपी कुलदीप द्विवेदी ने कहा है कि किसी के मौलिक अधिकार का हनन नहीं होने देंगे।
रांची, जेएनएन। राजधानी रांची मेंं पद्मावत के पहले शो के दिन कई सिनेमा हॉल खाली रहे। दर्शक दहशत में दिखे। प्लाजा सिनेमा हॉल में सिर्फ दो टिकटों की बिक्री हुई। करणी सेना पर लगाम कसने के लिए सुरक्षा बल सिनेमा हॉल के आसपास तैनात रहे। रांची में करणी सेना का प्रदर्शन नहीं हुआ। शांति बनी रही। वहीं, देवघर में पद्मावत का विरोध हुआ। आईलैक्स के सामने प्रदर्शन के चलते सुरक्षा बल तैनात रहा।
बुधवार को रांची पुलिस ने करणी सेना समेत विभिन्न हिंदू संगठनों के दर्जनों लोगों को अलग-अलग जगहों से हिरासत में लिया, जिन्हें पीआर बांड पर छोड़ दिया गया है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से विभिन्न सिनेमाघरों की सुरक्षा में 250 पुलिस जवानों की तैनाती की गई। इनके अलावा फन सिनेमा, पीवीआर सिनेमा, एसआरएस, कार्निवल सिनेमा, सुजाता पिक्चर पैलेस, पॉपकॉर्न सिनेमा, मीनाक्षी सिनेमा, प्लाजा सिनेमा, प्लाजा एंड आईलेक्स में मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेट भी तैनात किये गए हैं। वरीय अधिकारियों की ओर से पेट्रोलिंग पार्टी को भी अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है। वहीं कई थानों में धारा 107 के तहत कार्रवाई की गई है। जिसमें लालपुर, धुर्वा, चुटिया, डोरंडा थाना शामिल हैं।
रांची में पद्मावत को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतेजाम।
मौलिक अधिकार का हनन नहीं होने देंगे: एसएसपी
फिल्म पद्मावत को लेकर रांची एसएसपी कुलदीप द्विवेदी ने कहा है कि किसी के मौलिक अधिकार का हनन नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि विधि व्यवस्था खराब करने वाले लोगों को चिन्हि्त कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विरोध प्रदर्शन कर रहे लोग शांति से प्रदर्शन करें। कानून को अपने हाथ में न लें। सिनेमाघरों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। मजिस्ट्रेट के अलावा अतिरिक्त पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। डीएसपी, थानेदार और संबंधित पेट्रोलिंग पार्टी को अलर्ट किया गया है।