गच्चा दे रहे रातू के सीओ पर गिरी गाज, डीसी ने तरेरी आंखें; कई हल्का कर्मचारी हटाए
काम में लापरवाही बरतने वाले रातू अंचलाधिकारी ने 15000 में से 8000 म्यूटेशन के आवेदन बिना कारण रद कर दिए थे। अब उपायुक्त ने प्रपत्र क गठित करने का आदेश जारी किया है।
रांची, [शक्ति सिंह]। राजधानी रांची के रातू अंचल कार्यालय के कामकाज के संबंध में लगातार मिल रही अनियमितता और रातू अंचलाधिकारी द्वारा अपने काम के प्रति लापरवाही बरतने पर उपायुक्त राय महिमापत रे ने प्रपत्र क गठित करने का निर्देश दिया है। एसडीओ लोकेश मिश्र की जांच रिपोर्ट और लंबे दिनों तक बिना सूचना के गायब रहने पर बतौर अंचलाधिकारी राजेश कुमार मिश्र पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही कई हल्का कर्मचारियों को भी हटाने का निर्देश दिया गया है।
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद 27 फरवरी को एसडीओ लोकेश मिश्र रातू अंचल कार्यालय पहुंचे थे, जिन्होंने जांच में पाया कि म्यूटेशन के लिए दिए गए 15000 आवेदनों में से करीब 8000 आवेदनों को बिना कारण बताए रद कर दिया गया था। कुछ में कारण तक स्पष्ट नहीं किया गया था। इस मामले में उपायुक्त को अलग-अलग माध्यमों से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इसमें कहा गया कि प्रॉपर्टी की खरीद करने वाले लोगों को परेशान करने की नीयत से अंचल कार्यालय में म्यूटेशन के लिए जमा होने वाले आवेदनों को रद किया जा रहा है।
बिना कारण बताए गायब हो गए सीओ
अंचलाधिकारी पर एक आरोप था कि शिकायतों के बीच वे 21 जनवरी को दो दिन का अवकाश लिया था। इसके बाद वह बिना कारण बताये 23 जनवरी 2020 से 27 फरवरी 2020 तक करीब 35 दिन के लिए गायब हो गए। इसके बाद गत सात फरवरी को उपायुक्त ने बीडीओ को सीओ का प्रभार सौंप दिया। उधर राजेश कुमार मिश्र को जब एसडीओ की जांच के संबंध में पता चला तो उन्होंने डीसी कार्यालय पहुंचकर अपना योगदान कार्यालय में देने के सिलसिले में आवेदन सौंपा। इसके बाद वह फिर से कार्यालय में अपना योगदान नहीं दिया। तब से वह अनुपस्थित हैं। फिलहाल जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर राजेश कुमार मिश्र के खिलाफ विभागीय कार्रवाई हो सकती है।
रातू के अंचलाधिकारी राजेश कुमार मिश्र पर प्रपत्र क गठित किया गया है। दो दिनों की छुट्टी के नाम पर कई दिनों से कार्यालय में उन्होंने योगदान नहीं दिया। साथ ही कार्यालय में जिले के सर्वाधिक म्यूटेशन के मामले लंबित हैं। वहीं, रातू के हल्का कर्मचारियों को भी हटाया जा रहा है। राय महिमापत रे, उपायुक्त, रांची।