कोकर इंडस्ट्रीयल एरिया में समस्याओं का अंबार
कोकर इंडस्ट्रीयल एरिया में समस्याओं का अंबार है। यहां के उद्यमी अब भी परेशान हैं। इसको लेकर गुरुवार को विधायक के साथ एक बैठक होगी।
जागरण संवाददाता, रांची : कोकर इंडस्ट्रीयल एरिया में समस्याओं का अंबार है। यहां के उद्यमी अब भी मूलभूत सुविधाओं के लिए जूझ रहे हैं। इंडस्ट्रीयल एरिया होने के बावजूद देखरेख नहीं होने से क्षेत्र की स्थिति दिन प्रतिदिन बदत्तर होती जा रही है। एसोसिएशन के सदस्य बार-बार इस ओर रियाडा का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश करते हैं, लेकिन रियाडा का रवैया उदासीन बना है। आलम यह है कि स्ट्रीट लाइट की कमी व देखरेख के अभाव में धीरे-धीरे यह क्षेत्र असामाजिक तत्वों अड्डा बनता जा रहा है। गंदगी के कारण नालियों से बू आती है। हुंडई मोटर के सामने तो हमेशा सड़क पर पानी बहता रहता है।
समस्याओं को लेकर विधायक के साथ आज होगी चर्चा
कोकर इंडस्ट्रीयल एरिया इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने गुरुवार को इन्ही समस्याओं पर चर्चा के लिए एक बैठक बुलाई है। इस बैठक में कांके विधायक समरी लाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। एसोसिएशन के सदस्य उनके समक्ष क्षेत्र की समस्याओं को रखेंगे। बुधवार को तैयारियों को लेकर हुई बैठक
इससे पहले बुधवार देर शाम एसोसिएशन के सदस्यों ने गुरुवार को होने वाली बैठक को लेकर तैयारियों की समीक्षा की। जिसमें बैठक के मुद्दे आदि तय किए। इस बैठक में एसोसिएशन अध्यक्ष बापी गांगुली, उपाध्यक्ष दिलीप सिन्हा, महासचिव बिरेंद्र प्रसाद, संयुक्त सचिव प्रदीप रवि, कोषाध्यक्ष कैलाश प्रसाद व कई अन्य सदस्य उपस्थित थे। इन समस्याओं से परेशान हैं कोकर इंडस्ट्रीयल एरिया के उद्यमी
-कोकर इंडस्ट्रीयल एरिया की हर गली में स्ट्रीट लाइट नहीं है। जहां लगी है उनमें से भी अधिकतर ठीक से काम नहीं कर रहे हैं।
-नालियों में गंदगी भरी हुई है। अधिकतर नालियां इस कारण जाम हो गई हैं।
- कूड़े का उठाव ठीक ढ़ंग से नहीं हो रहा है। इस कारण जगह-जगह कूड़े का ढ़ेर लगा हुआ है।
- रियाडा द्वारा यूजर चार्ज के तौर पर अच्छी खासी रकम लिए जाने के बाद भी उनके उदासीन रवैये से उद्यमी परेशान हैं।