प्रियंका मीणा बनीं लोहरदगा की पहली महिला एसपी, कोरोना पर रोक लगाने को बताई प्राथमिकता
Jharkhand. 30 अप्रैल को लोहरदगा के 30वें एसपी के रूप में प्रियंका मीणा ने योगदान दिया। बोलीं जो कानून का अनुपालन नहीं करेंगे उनके साथ पुलिस सख्त रुख अख्तियार करेगी।
लोहरदगा, जासं। लोहरदगा में पहली महिला एसपी के रूप में प्रियंका मीणा ने गुरुवार को प्रभार संभाल लिया है। यह महज संयोग है कि लोहरदगा के 30वें एसपी के रूप में प्रियंका मीणा ने 30 अप्रैल को अपने पद पर योगदान दिया। लोहरदगा से जैप-3 धनबाद के लिए स्थानांतरित एसपी प्रियदर्शी आलोक से एसपी के कार्यालय कक्ष में प्रभार ग्रहण करने के बाद नव पदस्थापित एसपी प्रियंका मीणा ने मीडिया से बातचीत में अपनी प्राथमिकता और आने वाली चुनौतियों को साझा किया।
उन्होंने कहा कि फिलहाल लोहरदगा ही नहीं, पूरे विश्व में कोविड-19 सबसे बड़ी चुनौती है, पर अच्छी बात यह है कि लोहरदगा में कोविड-19 अभी तक फर्स्ट स्टेज में है और हम लोग आगे भी प्रयास करेंगे कि लोहरदगा जिले में यह फर्स्ट स्टेज से आगे नहीं बढ़ पाए। लोहरदगा में सांप्रदायिक माहौल को बनाए रखने के सवाल पर उन्होंने कहा कि लोहरदगा जिला के गठन हुए लगभग 37 वर्ष का समय हो गया है।
इस दौरान सभी लोग आपसी सौहार्द के साथ रहते आए हैं। एक छोटी-सी घटना सौहार्दपूर्ण वातावरण को खराब कर सकती है। कानून व्यवस्था के सवाल पर उन्होंने कहा कि जो लोग कानून का पालन करेंगे, उनके लिए लोहरदगा पुलिस हमेशा दोस्ताना व्यवहार करेगी, लेकिन जो कानून का अनुपालन नहीं करेंगे, उनके साथ पुलिस सख्त रुख अख्तियार करेगी।