Jharkhand: बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में कैदी ले रहे सोहराय पेंटिंग का प्रशिक्षण
बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में जस्टिस अपरेश कुमार सिंह ने सोहराय पेंटिंग व कला के व्यवसायिक प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया। जहां कैदी सोहराय पेंटिंग सीख पाएंगे।
रांची, राज्य ब्यूरो। बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में जस्टिस अपरेश कुमार सिंह ने सोहराय पेंटिंग व कला के व्यवसायिक प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया। जहां कैदी सोहराय पेंटिंग सीख पाएंगे। इस केंद्र में कुशल प्रशिक्षक कैदियों को ट्रेनिंग देंगे। जब तक कैदी इस कला को सीख नहीं जाते तब तक उनका प्रशिक्षण चलता रहेगा।
कानूनी जागरुकता पुस्तकालय भी खुला
जस्टिस अपरेश सिंह ने जेल परिसर में कानूनी जागरुकता पुस्तकालय का भी उद्घाटन किया। स्थानीय भाषा में रखी गई हजार किताबों के जरिए कैदी अपने अधिकारों के बारे में जान पाएंगे। अक्सर जेल में बंद कैदी अपने अधिकारों के बारे में नहीं जाते हैं। उन्हें यह भी पता नहीं होता है कि जेल में बंद रहते हुए भी उनकी ओर से अदालत में अपील या जमानत याचिका दाखिल की जा सकती है।
कैदियों को कानूनी जानकारी के लिए पुस्तकालय खोला गया है। पुस्तकालय में हिन्दी, नागपुरी व कुड़ूख भाषा में कानून की किताबें उपलब्ध कराई गई हैं। पुस्तकालय प्रतिदिन सुबह दस बजे से शाम छह बजे तक खुला रहेगा। जहां कैदियों के अधिकार, अपील का अधिकार, जमानत से संबंधित अधिकार, संपत्ति का अधिकार सहित अन्य कानूनी जागरुकता वाली पुस्तकें उपलब्ध करा दी गई हैं।
इस कार्यक्रम में हाई कोर्ट के जस्टिस एबी सिंह, जस्टिस अनुभा रावत चौधरी, न्यायायुक्त नवनीत कुमार, झालसा के संतोष कुमार, सतकाम, जेल आइजी विरेंद्र भूषण, जेल एआइजी दीपक विद्यार्थी, जेल निदेशक राजेश कुमार, उपायुक्त, एसएसपी शामिल हुए।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप