पुलिस को चकमा देकर रांची सिविल कोर्ट से कैदी फरार
Prisoner absconding. झारखंड में रांची के सिविल कोर्ट परिसर से एक कैदी फरार हो गया है।
जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी रांची के सिविल कोर्ट परिसर से एक कैदी बुधवार को फरार हो गया है। कैदी को कोतवाली पुलिस ने न्यायालय में पेशी के बाद जेल भेजने के लिए कोर्ट भेजा था। जो कोर्ट में मौजूद सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर भाग निकला। भागा कैदी कोतवाली पुलिस द्वारा मोबाइल चोरी के आरोप में जेल भेजने के लिए कोतवाली थाने के दरोगा के साथ भेजा गया था।
वह रेडियम रोड स्थित जगन्नाथ अस्पताल से मंगलवार की रात मोबाइल चोरी करता पकड़ा गया था। आरोपित का नाम सत्येंद्र वर्मा है। फिलहाल, वह पुरानी रांची में रहता है। मूल रूप से पटना के खुसरोपुर का रहने वाला है। उसके भागने के बाद रांची पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। रांची के सभी पीसीआर मोबाइल गस्ती को उसकी तस्वीर भेजी गई है।
मरीज के परिजन ने दर्ज कराई थी एफआइआर
चोरी के आरोपित सत्येंद्र वर्मा के खिलाफ जगन्नाथ अस्पताल में भर्ती मरीज अनिल उरांव के भाई ने राजीव उरांव ने कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जिसमें बताया था कि मंगलवार की रात करीब 11:30 बजे कैबिन में घुसकर मोबाइल की चोरी कर रहा था उसी दौरान उसे पकड़कर धुनाई की। इसके बाद पुलिस को सौंप दिया था। पुलिस की पूछताछ में मोबाइल चोरी के बात कबूल लिया था, उसके पास से मोबाइल भी बरामद की गई थी। इसके बाद उसे जेल भेजा गया था।