रांची विश्वविद्यालय के दीक्षांत भवन में आज नहीं बटेंगे बनहौरा में बनने वाले प्रधानमंत्री शहरी आवास
रांची नगर निगम के अधिकारी यह जिम्मेदारी भी नहीं समझते कि जब उन्होंने पहले से जनता को कार्यक्रम की सूचना दी है तो कार्यक्रम के रद होने की भी जानकारी जनता को दी जानी चाहिए ताकि उसे कोई परेशानी नहीं हो।
जागरण संवाददाता, रांची : राजधानी रांची के बनहौरा में प्रस्तावित प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के 175 फ्लैट मंगलवार को रांची विश्वविद्यालय के दीक्षांत भवन में बांटे जाने थे। इन फ्लैट के आवंटन का काम यहां पर होना था। आवंटन के लिए लाटरी निकाली जानी थी। मगर रांची नगर निगम ने आज यह कार्यक्रम रद कर दिया है। अब नगर निगम आवास आवंटन के लिए लाटरी के कार्यक्रम की तारीख बाद में तय करेगा। नगर निगम द्वारा एन वक्त पर कार्यक्रम रद कर दिए जाने से आवेदकों में मायूसी है। नगर निगम ने कार्यक्रम रद होने की जानकारी पहले से आवेदकों को भी नहीं दी थी। बस इसमें शामिल होने वाले अधिकारियों और शाखा प्रबंधकों को फोन कर इसकी जानकारी दे दी गई है कि कार्यक्रम रद हो गया है। नगर निगम पहले भी जनता से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों को आयोजित करने के बाद ऐन वक्त पर रद कर चुका है। इससे जनता को दिक्कत होती है, लेकिन नगर निगम के अधिकारी यह जिम्मेदारी भी नहीं समझते कि जब उन्होंने पहले से जनता को इसकी सूचना दी है तो कार्यक्रम के रद होने की भी जानकारी जनता को दी जानी चाहिए। गौरतलब है कि बनहोरा में चार मंजिला 175 फ्लैट का निर्माण प्रस्तावित है। निर्माण की प्रक्रिया शुरू है। बनहोरा में आवास लेने के लिए जिन लोगों ने आवेदन किया है उनकी लाटरी निकाली जानी है। लॉटरी में नाम आने के बाद भाग्यशाली आवेदकों को ही फ्लैट आवंटित किए जाएंगे। यह फ्लैट उन्हीं आवेदकों को दिए जाएंगे जिन्होंने अपने आवेदन के साथ 17 जून, 2015 से पहले से रांची में रहने का दस्तावेज दिया है। लाभुक का देश में कहीं भी पक्का मकान नहीं होना चाहिए। आवेदकों को साढ़े चार लाख से साढ़े पांच लाख रुपये तक देने होंगे। इसके लिए उन्हें बैंक से लोन दिलाया जाएगा।
सड़क नाली का आज होगा शिलान्यास
मंगलवार को 14वें वित्त फंड से दो बड़े रोड और नाली निर्माण कार्य का शिलान्यास होगा। वार्ड नंबर 13 में मकचुन्द टोली और वार्ड नंबर 17 में मुक्ति शरण लेन में रोड एवं नाली का शिलान्यास महापौर, उपमहापौर, सांसद, विधायक एवं वार्ड पार्षद करेंगे।