वर्षो से जमे भंडारपालों के लिए सीएमडी का सप्ताह भर में दूसरा तबादला आदेश
प्रदीप सिंह, रांची : अबाधित बिजली आपूर्ति मुहैया कराने में हांफने वाले ऊर्जा विकास निगम में इन दिन
प्रदीप सिंह, रांची : अबाधित बिजली आपूर्ति मुहैया कराने में हांफने वाले ऊर्जा विकास निगम में इन दिनों तबादले की आड़ में पावर गेम चल रहा है। परिणामस्वरूप सामान्य कामकाज बाधित है। ऊर्जा विभाग के सचिव और ऊर्जा विकास निगम के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक (सीएमडी) के कार्यालय से जारी तबादले का आदेश बिजली वितरण निगम स्थगित कर देता है। ऐसी स्थिति में ट्रांसफर आदेश रोकने का फरमान रद करने के लिए फिर से सचिव सह सीएमडी को आदेश लागू करना पड़ता है। ताजा मामला विभिन्न बिजली कार्यालयों में अरसे से जमे भंडारपालों (स्टोरकीपर) के तबादले का है।
राज्य ऊर्जा विकास निगम ने लंबे अरसे तक एक ही स्थान पर जमे भंडारपालों को हटाने का आदेश दिया था। यह आदेश 17 नवंबर को जारी किया गया। सूची में 19 भंडारपाल इधर-उधर किए गए। इसे ऊर्जा विकास निगम के महाप्रबंधक (कार्मिक सह सामान्य प्रशासन) राजीव रंजन कुमार ने जारी किया। इस आदेश को तत्काल बिजली वितरण निगम ने रद कर दिया। दोनों अधिसूचना के आदेश संख्या में भी बस एक अंक का अंतर है। 17 नवंबर को ही बिजली वितरण निगम ने उक्त तमाम तबादले का हवाला देते हुए इसे रद करने का आदेश जारी कर दिया। बिजली वितरण निगम के उपमहाप्रबंधक (कार्मिक) गोविंद यादव के हस्ताक्षर से तबादला रद करने का आदेश जारी हुआ। रद करने के आदेश में जिक्र है कि इसे सक्षम पदाधिकारी का अनुमोदन प्राप्त नहीं है।
स्थापना समिति की अनुशंसा पर हुए थे तबादले
ऊर्जा विकास निगम ने अरसे से जमे भंडारपालों के तबादले स्थापना समिति की अनुशंसा पर किए थे। दोबारा जारी हुए आदेश में ऊर्जा विकास निगम के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक ने निर्देश दिया है कि ट्रांसफर रोकने का आदेश रद किया जाता है। सभी कर्मी तत्काल नए स्थानों पर योगदान सुनिश्चित करें। उन्होंने नए कार्यस्थल पर योगदान के बाबत सक्षम पदाधिकारी से प्रतिवेदन भी तलब किया है। गुरुवार को सीएमडी का आदेश जारी किया गया।
इधर-उधर किए गए थे ये 19 भंडारपाल
विजय कुमार ठाकुर, अजय कुमार वर्मा, प्रभास कुमार, कमलाकांत मंडल, रवि रौशन, विनोद कुमार, विकास कुमार सिन्हा, सुमन फ्रांसिस कुजूर, कृष्ण कुमार पाल, शिरिल भेंगरा, उदय करमाली, विवेक कुमार सिन्हा, संजय कुमार सिंह, अमरेंद्र कुमार, मदन प्रसाद सिंह, देव नारायण, अनुराग किंडो, रंजीत कुमार और नवनीत कुमार।
कंप्यूटर आपरेटरों का भी तबादला प्रभावी
ऊर्जा विभाग के सचिव सह ऊर्जा विकास निगम के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक ने कंप्यूटर आपरेटरों के तबादला आदेश को भी अमल में लाने का निर्देश दिया है। उन कंप्यूटर आपरेटरों का तबादला किया गया है जो लंबे अरसे से एक ही स्थान पर जमे थे। इनका तबादला आदेश भी स्थगित कर दिया गया था।