चतरा में गंभीर हुआ बिजली संकट, 24 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित; चतरा-इटखोरी मेन लाइन ठप Chatra News
चतरा-इटखोरी मेन लाइन में आई तकनीकी खराबी की वजह से आपूर्ति बाधित है। रविवार सुबह आठ बजे से बिजली आपूर्ति ठप है। पूरी रात शहर के लोग घुप अंधकार में रहे।
चतरा, जेएनएन। जिले में एक बार फिर बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमरा सी गई है। करीब 24 घंटों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप है। चतरा-इटखोरी मेन लाइन में आई तकनीकी खराबी की वजह से आपूर्ति बाधित है। व्यवस्था को बहाल करने के उद्देश्य से विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के अधिकारी और कर्मी जुटे हुए हैं। बिजली आपूर्ति व्यवस्था ठप रहने से जन जीवन अस्त-व्यस्त है। रविवार सुबह आठ बजे से बिजली आपूर्ति ठप है। पूरी रात शहर के लोग घुप अंधकार में रहे। वैसे भी इस जिले की बिजली आपूर्ति व्यवस्था बारिश और तेज हवा बर्दाश्त नहीं करती है। हल्की बारिश होने होने पर भी जगह-जगह पर फाॅल्ट उत्पन्न हो जाता है। पिछले तीन दिनों से रूक रूक कर बारिश हो रही है। बारिश की शुरुआत के साथ ही बिजली व्यवस्था चरमराई है। शनिवार को भी दिन में आपूर्ति ठप थी।