झारखंड में मंत्रियों के विभागों का नए सिरे से बंटवारा, जगरनाथ महतो को शिक्षा व हफीजुल को मिला निबंधन
Jharkhand Government News Hindi Samachar झारखंड में मंत्रियों के विभागों का नए सिरे से आज बंटवारा किया गया है। जगरनाथ महतो के पास स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग रहेगा। नए मंत्री बने हफीजुल को निबंधन विभाग मिला है।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड सरकार में मंत्रियों के विभागों का नए सिरे से बंटवारा किया गया है। इलाज कराकर वापस लौटे जगरनाथ महतो को एक बार फिर स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। नए बनाए गए मंत्री हफीजुल हसन अंसारी को अल्पसंख्यक कल्याण, पर्यटन कला संस्कृति खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। उनके विभाग के दायित्व में निबंधन भी जोड़ा गया है।
लंबे समय तक बीमार रहे मंत्री जगरनाथ महतो शीघ्र ही काम पर लौटेंगे। बुधवार को उनसे मिलने के कुछ देर बाद मुख्यमंत्री के आदेश से उन्हें फिर से कार्य आवंटित कर दिए गए और मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग ने इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी है। जारी अधिसूचना में झामुमो कोटे से मंत्री हफीजुल अंसारी के पास पहले से आवंटित विभागों के अलावा अब निबंधन विभाग भी होगा। इसके साथ ही कांग्रेस कोटे के मंत्री आलमगीर आलम एवं डाॅ. रामेश्वर उरांव को विभागों के पुनर्गठन के मद्देनजर बने नए विभागों की भी जिम्मेदारी दी गई है।
इसके पूर्व राज्य के शिक्षा और उत्पाद विभाग के मंत्री जगरनाथ महतो के लंबी बीमारी के बाद अब पूरी तरह स्वस्थ होने की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को उनसे उनके आवास पर मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। मंत्री के स्वास्थ्य में प्रगति को देख सीएम ने प्रसन्नता व्यक्त की। पूरी तरह स्वस्थ होते ही शिक्षा और उत्पाद मंत्रालय मंत्री के जिम्मे कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने मंत्री से कार्यों का निपटारा घर से ही करने की सलाह दी है। उम्मीद है कि जल्द ही मंत्री जगरनाथ महतो कामकाज शुरू कर देंगे। मालूम हो कि उनके अस्वस्थ होने के बाद से उनके मंत्रालय के कार्यों का निबटारा खुद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कर रहे थे।
कोरोना और फेफड़े में संक्रमण से पीड़ित हो गये थे मंत्री
बताते चलें कि मंत्री जगरनाथ महतो 2020 के सितंबर महीने के अंतिम सप्ताह में कोरोना से संक्रमित हुए थे। उसके बाद उन्हें पहले रिम्स और उसके बाद रांची के मेडिका अस्पताल में गंभीरावस्था में भर्ती कराया गया था। इस बीच मंत्री के स्वास्थ्य की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री की पहल पर एमजीएम, चेन्नई के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम रांची बुलाई गई थी। इसके बाद टीम की सलाह पर महतो को 19 अक्टूबर को चिकित्सकों की देखरेख में एयर एंबुलेंस से चेन्नई भेजा गया था।
चेन्नई के महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर (एमजीएम) में मंत्री के कोरोना संक्रमण से खराब फेफड़ा को ट्रांसप्लांट किया गया था। स्वस्थ होने पर मुख्यमंत्री के निर्देश पर उन्हें रांची लाने के लिए एक चार्टड प्लेन गया। डाॅक्टरों की टीम के साथ 14 जून को मंत्री रांची पहुंचे। मंत्री जगरनाथ महतो को जब चेन्नई से चार्टड प्लेन से रांची लाया गया, तो संवेदनशीलता दिखाते हुए उनके स्वागत के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद एयरपोर्ट पहुंचे थे। रांची स्थित मंत्री के आवास को सीएम ने सभी सुविधा से लैस करने का आदेश दिया और बीच-बीच में उनका हाल लेते रहे।
मंत्री का नाम : विभाग की सूची
आलमगीर आलम : संसदीय कार्य विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, पंचायती राज विभाग।
डाॅ. रामेश्वर उरांव : वित्त विभाग, योजना एवं विकास विभाग, वाणिज्य कर विभाग, खाद्य सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग
जगरनाथ महतो : स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग
हफीजुल हसन : अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, निबंधन विभाग।
नोट : अन्य मंत्रियों के विभाग यथावत रहेंगे।