Jharkhand Assembly Election 2019: पूजा पंडालों में चुनावी चौपाल, जनता का मूड परखने पक्ष-विपक्ष सभी सक्रिय
Jharkhand Assembly Election 2019. राज्यभर के दुर्गा पूजा पंडालों में पक्ष-विपक्ष के दिग्गज नेताओं से लेकर सक्रिय कार्यकर्ताओं का जमावड़ा सुबह से शाम तक देखा जा रहा है।
रांची, राज्य ब्यूरो। दुर्गा पूजा और दशहरा के त्योहारी मौसम में राजनीतिक दल भक्ति भाव से चुनावी हित साधने की कोशिशों में जुटे हुए हैं। राज्यभर के दुर्गा पूजा पंडालों में पक्ष-विपक्ष के दिग्गज नेताओं से लेकर सक्रिय कार्यकर्ताओं का जमावड़ा सुबह से शाम तक देखा जा रहा है। पूजा पंडालों का उद्घाटन तो सत्ता पक्ष और विपक्ष के शीर्ष नेता कर ही रहे हैं। विधानसभा चुनाव से पूर्व पूजा पंडालों में राजनीतिक दलों की सक्रियता यूं ही नहीं है। देवी के पवित्र स्थल पर जनता का मिजाज भी भांपा जा रहा है।
चुनाव के दौरान तमाम शीर्ष नेताओं ने अपने को गृह जिलों में समेट लिया है। मुख्यमंत्री रघुवर दास पूजा के दौरान अपने गृह जिले जमशेदपुर में हैं, जबकि नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन रांची में पूजा पंडालों का उद्घाटन करते देखे गए। दोनों नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से राज्य की जनता को पूजा की शुभकामनाएं दी हैं।
झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) के प्रमुख बाबूलाल मरांडी ने भी दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं जनता को दी हैं। सांसद और विधायक तो अपने क्षेत्र में सक्रिय हैं ही, कार्यकर्ताओं की टोली भी पंडालों में स्वयंसेवक की हैसियत से आम लोगों की सहायता के लिए लगाए गए हैं। पंडालों में चुनावी चौपाल तो चल ही रही है।