जिम्मेदारी आप पर..और आप ही बने हुए हैं बेपरवाह
रांची रांची के पांच थानों के छह पुलिसकर्मी शुक्रवार को कोरोना संक्रमित पाए गए।
विश्वजीत भट्टं, रांची : रांची के पांच थानों के छह पुलिसकर्मी शुक्रवार को कोरोना संक्रमित पाए गए। इसी दिन झारखंड के अलग-अलग शहरों के तीन लोगों की जान कोरोना ने ले ली। बावजूद शहर की सड़कों पर ड्यूटी निभा रहे पुलिस के अधिकारी और जवान लापरवाही बरत रहे हैं। इससे न केवल अपनी, बल्कि अपने परिवार और साथ-साथ आसपास के लोगों की जान भी सांसत में डाल रहे हैं। सड़कों और विभिन्न चौक-चौराहों पर तैनात पुलिस के अधिकारी और जवान न तो मास्क लगा रहे हैं और न ही सैनिटाइजर का ही उपयोग कर रहे हैं। शारीरिक दूरी का पालन करना भी जरूरी नहीं समझ रहे। इनकी देखादेखी आम लोग भी लापरवाह हो रहे हैं। रविवार को दैनिक जागरण ने जब शहर के विभिन्न इलाकों की पड़ताल की तो यह लापरवाही साफ-साफ नजर आई। अल्बर्ट एक्का चौक, बिरसा चौक और डोरंडा अस्पताल के पास तैनात पुलिस के अधिकारी पूरी तरह से बेपहरवाह बिना मास्क लगाए ही ड्यूटी बजाते नजर आए।
आगाह किया, फिर भी बने हुए हैं बेपरवाह
दरअसल, पुलिस के तमाम आला अधिकारी शुरुआत से ही कई चरणों में ब्रीफिग कर पुलिस लाइन और थाना स्तर तक के अधिकारियों और जवानों को कोरोना की भयावहता के प्रति आगाह कर चुके हैं। एसएसपी, एसपी और ग्रामीण एसपी ने अपने-अपने स्तर से ये ब्रीफ्रिंग की। बावजूद महकमे के छोटे अधिकारी व जवान कोरोना को हल्के में ले रहे हैं। बेपरवाह बने हुए हैं।
थानों में कामकाज में बदलाव भी बेअसर
शहर के अलग-अलग पांच थानों के छह पुलिसकर्मियों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद विभाग ने थानों के कामकाज में पूरी तरह से परिवर्तन कर दिया है। बिल्डिग के गेट हमेशा बंद रह रहे हैं। थानों के बाहरी परिसर में ही ओडी ड्यूटी करने वाले अधिकारी और मुंशी को तैनात कर दिया गया है। बाहर के अपने फरियाद लेकर थाना आने वाले लोगों को बाहरी परिसर में ही रोक कर उनकी फरियाद सुनी जा रही है और एफआइआर दर्ज की जा रही है। विभाग की इस सतर्कता का भी कुछ अधिकारियों और जवानों पर असर नहीं है। विभाग व स्वयंसेवी संगठनों ने दिए हैं मास्क-सैनिटाइजर
कोविड 19 ड्यूटी में तैनात पुलिस के अधिकारियों और जवानों को विभाग और स्वयंसेवी संगठनों ने मास्क और सैनिटाइजर उपलब्ध कराया है। लेकिन कुछ जवान और अधिकारी बिना मास्क लगाए ही ड्यूटी बजा रहे हैं। सैनिटाइजर का भी प्रयोग नहीं कर रहे। पुलिस की सुरक्षा क्यों जरूरी
लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करनेवालों में जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी आप पर है। आप संक्रमण से बचने के सारे उपाय करेंगे तभी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर सकेंगे।
जो लोग बिना मास्क के बाहर आ रहे हैं उनसे निपटना पुलिस को ही है। उन्हें समझाना या कार्रवाई करने की जिम्मेदारी पुलिस पर है। अब मास्क नहीं लगाएंगे या सैनिटाइजर का उपयोग नहीं करेंगे तो संक्रमण का डर तो रहेगा ही। मैंने खुद भी रविवार को शहर के भ्रमण में यह देखा है कि अधिकतर पुलिसकर्मी सुरक्षा मानकों का पालन नहीं कर रहे हैं। इनको जागरूक करने के लिए सोमवार को एक बार फिर ब्रीफिग की जाएगी। बताया जाएगा कि कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ है, बल्कि और बढ़ रहा है। पहले खुद को सुरक्षित करें, बाद में दूसरों की सुरक्षा करें। साथ मास्क और सैनिटाइजर भी बांटा जाएगा।
-सुरेंद्र कुमार झा, वरीय आरक्षी अधीक्षक, रांची