सांगाजाटा में डीवीसी पावर ग्रिड में लूटपाट करने वाले को पुलिस ने दबोचा
पुलिस उपाधीक्षक प्रकाश सोय ने बताया कि डीवीसी पावर ग्रिड में अज्ञात अपराध कर्मियों द्वारा 30 जुलाई को ट्रांसफार्मर काटकर तांबा निकालने का प्रयास किया था।
चाईबासा, जेएनएन। मुफस्सिल थाना अंतर्गत सांगाजाटा स्थित डीवीसी पावर ग्रिड में कर्मचारियों से लूटपाट के मामले में पुलिस ने एक अपराधी को धर दबोचा है। गिफ्तार व्यक्ति का नाम समुंदर तुरी है। वो लातेहार जिला के चंदवा थाना अंतर्ग सा चकला, आम्बाटांड गांव का रहने वाला है। चाईबासा पुलिस उसे बुधवार को उसे उसके घर से ही गिरफ्तार कर चाईबासा ले आई।
पुलिस उपाधीक्षक प्रकाश सोय ने बताया कि मुफस्सिल थाना अंतर्गत सांगाजाटा स्थित डीवीसी पावर ग्रिड में अज्ञात अपराध कर्मियों द्वारा 30 जुलाई को ट्रांसफार्मर को काटकर तांबा निकालने का असफल प्रयास किया गया था। वहीं सफल नहीं होने पर वहां के कंट्रोल रूम में स्थित डीवीसी स्टाफ से 3500 एवं एटीएम कार्ड व सिम सहित मोबाइल लूट कर ले गए थे। मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक क्रांति कुमार गदादेसी के निर्देश पर एक टीम का गठन पुलिस उपाधीक्षक प्रकाश सोय के नेतृत्व में किया गया। इसके पश्चात अनुसंधान के क्रम में पुलिस उपाधीक्षक को गुप्त सूचना प्राप्त हुई तथा टीम द्वारा मामले को लेकर अप्राथमिकी अभियुक्त लातेहार जिला के चंदवा थाना अन्तर्गत सा चकला, अम्बाटांड गावं निवासी 40 वर्षीय समुन्दर तूरी को घर से गिरफ्तार किया गया।
उसके पास से वीवो कंपनी का मोबाईल बरामद किया गया। कांड में संलिप्त अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी का प्रयास चल रहा है। उनकी भी जल्द गिरफ्तारी की बात पुलिस ने कही। डीएसपी प्रकाश सोय ने कहा कि टीम में मुख्य रूप से सदर अंचल के पुलिस निरीक्षक अनिल एक्का, पंडराशाली ओपी प्रभारी अजय मिंज एवं पीसीआर के पुलिस पदाधिकारी रामकृष्ण मुर्मू शामिल थे।