PM Modi in Ranchi: झारखंड से पीएम मोदी को खास लगाव, आ रहे 12वीं बार; उज्ज्वला-आयुष्मान की यहीं हुई लांचिंग
PM Modi in Jharkhand. प्रधानमंत्री ने तीन बड़ी केंद्रीय योजनाओं की लांचिंग के लिए फिर बिरसा की धरती चुनी। वे देश को उज्ज्वला और आयुष्मान की सौगात यहीं से दे चुके हैं।
रांची, राज्य ब्यूरो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 सितंबर को रांची पहुंच रहे हैं। यह उनका झारखंड का 12वां दौरा होगा। आयुष्मान जैसी केंद्र की महत्वपूर्ण योजना की लांचिंग उन्होंने झारखंड की धरती से की थी। उज्ज्वला योजना की शुरुआत में भी बड़ा कार्यक्रम किया था। अब देश की जनता को तीन बड़ी केंद्रीय योजनाओं की सौगात देने के लिए वे एक बार फिर झारखंड में होंगे। स्पष्ट है मोदी को झारखंड से खास लगाव है।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच वर्ष और सौ दिनों में एक दर्जन बार झारखंड आए हैं। यह झारखंड के प्रति उनके स्नेह को दर्शाता है। अभी पिछले दिनों योग दिवस पर अंतरराष्ट्रीय आयोजन के लिए भी उन्होंने बिरसा की धरती रांची का ही चयन किया। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजयेपी ने जिस उद्देश्य के साथ झारखंड को अलग राज्य बनाया था, उन्हीं के सपनों का झारखंड बनाने के लिए प्रधानमंत्री झारखंड से ही कई बड़ी योजनाओं की शुरुआत कर रहे हैं।
प्रतुल ने कहा कि प्रधानमंत्री रहते हुए मनमोहन सिंह दस वर्षों में सिर्फ एक बार झारखंड आए थे। जबकि राहुल गांधी पिछले पांच सालों मेंं सिर्फ तीन बार झारखंड आए हैं। यह स्पष्ट दर्शाता है कि कांग्रेस की प्राथमिकता सूची में झारखंड बहुत नीचे है, उसे यहां की जनता से कोई लगाव नहीं है। प्रतुल ने कहा कि 12 सितंबर का दिन झारखंड के लिए एक ऐतिहासिक दिन बनने जा रहा।
इस दिन न सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य की सबसे बड़ी पंचायत के भवन को राज्य की जनता को समर्पित करेंगे बल्कि संताल परगना में बंदरगाह की शुरुआत भी करेंगे। जिससे दशकों से उपेक्षित संताल में व्यापार और तरक्की के नए रास्ते खुलेंगे। इसके अतिरिक्त किसानों और छोटे व्यापारियों के लिए अपनी तरह की पूरे विश्व मे अनूठी पेंशन योजना की भी शुरुआत करेंगे।