पीएम मोदी ने राज्यों के मुख्यमंत्री व उपायुक्तों से कोरोना पर की बात, सीएम हेमंत व रांची डीसी भी रहे उपस्थित
Jharkhand Coronavirus Update Ranchi News बैठक में मुख्यमंत्री मुख्य सचिव सहित सभी अधिकारी मौजूद थे। रांची डीसी को भी वहीं बुलाया गया था। प्रधानमंत्री से सीधे उनकी कोई बात नहीं हुई। पीएम ने कोरोना के हालात पर बात की।
रांची, जेएनएन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राज्यों के मुख्यमंत्री तथा जिलों के उपायुक्तों के साथ ऑनलाइन बैठक की। इसमें झारखंड से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और रांची के उपायुक्त छवि रंजन भी शामिल हुए। बैठक में प्रधानमंत्री ने कोरोना के हालात का जायजा लिया। बैठक में मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव सहित सभी अधिकारी मौजूद थे। रांची डीसी को भी वहीं बुलाया गया था। प्रधानमंत्री से सीधे उनकी कोई बात नहीं हुई। प्रधानमंत्री ने आज उन जिलों के जिलाधिकारियों से बात की, जहां कोरोना संक्रमण की दर 10 फीसद से अधिक है। झारखंड में पलामू, लातेहार, पूर्वी सिंहभूम, हजारीबाग, पश्चिम सिंहभूम तथा बोकारो इस श्रेणी में हैं।
बताया गया कि इस ऑनलाइन चर्चा में पीएम नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस की दूसरी लहर से बचाव के लिए किए जा रहे इंतजाम पर बात की तथा स्वास्थ्य सुविधाओं को और बढ़ाने के लिए कहा। उन्होंने वैक्सीन की कमी नहीं होने की बात कही। पीएम ने कोरोना की संभावित तीसरी लहर तथा उसमें बच्चों पर मंडराते खतरे को लेकर आगाह किया। कहा कि इसके लिए जरूरी सुविधाएं समय से पहले पूरी कर लें।
रांची सदर अस्पताल में जून तक लगेगा ऑक्सीजन टैंक
सदर अस्पताल रांची में जून तक क्रायोजेनिक ऑक्सीजन टैंक लगा दिया जाएगा। इसके लिए काम शुररू कर दिया गया है। झारखंड हाई कोर्ट को गुरुवार को यह जानकारी अस्पताल के भवन का निर्माण करने वाली कंपनी ने दी। कंपनी की ओर से अदालत को बताया गया कि स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के कारण काम धीमा हो गया है। कई श्रमिक अपने घर चले गए हैं। कुछ संक्रमित भी हो गए हैं। कंपनी जून तक टैंक लगाने का प्रयास कर रही है। इसके बाद अदालत ने 27 मई को प्रगति रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया। सदर अस्पताल को निर्धारित समय पर पूरी सुविधाओं के साथ संचालित नहीं किए जाने पर हाई कोर्ट में अवमानना याचिका दाखिल की गई है। इसी याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने कंपनी से जवाब मांगा था।