झारखंड में 3-17 अक्टूबर तक प्लास्टिक कचरा प्रबंधन अभियान, मुख्य सचिव ने जारी किया निर्देश
Jharkhand. मुख्य सचिव डीके तिवारी ने उपायुक्तों को स्वच्छता ही सेवा अभियान की याद दिलाई। कहा कि आम जनता में स्वच्छता के लिए श्रमदान की भावना विकसित करें।
रांची, राज्य ब्यूरो। मुख्य सचिव डॉ. डीके तिवारी ने 11 सितंबर से दो अक्टूबर तक चलने वाले स्वच्छता ही सेवा-2019 अभियान की ओर अफसरों का ध्यान आकृष्ट कराया है। उन्होंने इस दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक कचरा प्रबंधन पर जोर दिया है। इसी कड़ी में उन्होंने तीन अक्टूबर से 27 अक्टूबर तक की अवधि में प्लास्टिक अपशिष्ट के सुरक्षित निपटान पर फोकस करने का टास्क सौंपा है।
उन्होंने सभी उपायुक्तों को इस आशय का पत्र भेजकर अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने को कहा है। मुख्य सचिव दो अक्टूबर तक ग्राम स्तर पर 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान को रेखांकित करते हुए चौक-चौराहों, हाट-बाजारों समेत अन्य सार्वजनिक स्थलों पर प्रचार-प्रसार करने और वहां कूड़ेदान की व्यवस्था करने को कहा है।
इसी तरह, प्लास्टिक की जगह जूट के थैले के इस्तेमाल के अलावा प्लास्टिक अपशिष्ट के संग्रहण एवं वैज्ञानिक तरीके से उसका निपटान, स्वच्छता के लिए आम जनता में श्रमदान की भावना विकसित करने आदि के उपायों पर फोकस करने की नसीहत दी है। इस कार्य में सरकारी विभागों के साथ-साथ एनजीओ (गैर सरकारी संगठन) और सामाजिक संगठनों की भूमिका भी सुनिश्चित करने को कहा है।