रघुवर सरकार के 5 मंत्रियों पर आय से अधिक संपत्ति का आरोप, हाई कोर्ट में याचिका दाखिल
Jharkhand. इन मंत्रियों पर आरोप है कि इनकी आय में रघुवर सरकार कार्यकाल के दौरान दो सौ प्रतिशत से एक हजार प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है।
रांची, राज्य ब्यूरो। राज्य के पांच पूर्व मंत्रियों की बढ़ी हुई संपत्ति की जांच की मांग को लेकर मंगलवार को झारखंड हाई कोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की गई है। प्रार्थी पंकज कुमार यादव की ओर से अधिवक्ता राजीव कुमार ने यह याचिका दाखिल की है। याचिका में कहा गया है कि पांचों पूर्व मंत्रियों की संपत्ति दो सौ प्रतिशत से एक हजार प्रतिशत तक बढ़ी है। इसकी जांच एसीबी से कराए जाने की मांग की गई है।
याचिका में चुनाव के दौरान उनकी ओर से दाखिल शपथ पत्र को आधार बनाया गया है। इसमें मंत्री बनने से पहले और कार्यकाल के बाद की संपत्ति का ब्यौरा दिया गया है। इस याचिका में पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, अमर बाउरी, रणधीर सिंह, डॉ. नीरा यादव, डॉ. लुइस मरांडी की संपत्ति की जांच की मांग की गई है। ये सभी पूर्व की रघुवर सरकार में मंत्री थे।
बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के कैबिनेट में अमर बाउरी खेल मंत्री, रणधीर सिंह कृषि मंत्री, नीरा यादव शिक्षा मंत्री, लुईस मरांडी समाज कल्याण मंत्री और नीलकंठ सिंह मुंडा ग्रामीण विकास मंत्री थे। 2019 के झारखंड विधानसभा चुनाव में रघुवर सरकार को करारी हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि इस चुनाव में नीरा यादव और नीलकंठ सिंह मुंडा को जीत हासिल हुई थी, जबकि लुइस मरांडी अपनी विधायकी गवां बैठी।
यह भी पढ़ें: अमित शाह के सामने बाबूलाल मरांडी की भाजपा में एंट्री, जेपी नड्डा की मौजूदगी में ऐतिहासिक समारोह