Happy New Year 2020: नए साल के पहले दिन मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु, भगवान के दर्शन कर मांगा आशीष
Jharkhand. राजधानी रांची में लोग नए साल के स्वागत में डूबे हुए हैं। सुबह-सवेर ही लोगों ने मंदिरों का रुख किया।
रांची, जासं। नव वर्ष 2020 की शुरुआत हो चुकी है। हर ओर जश्न का आलम है। राजधानी रांची में भी लोग नए साल के स्वागत में डूबे हुए हैं। सुबह-सवेर ही लोगों ने मंदिरों का रुख किया। शहर के मंदिरों में इस दौरान काफी भीड़ रही। पहाड़ी मंदिर, हिनू राम मंदिर, जगन्नाथपुर मंदिर में लोग पूजा करते दिखे। लोगों ने भगवान की पूजा-अर्चना कर अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीष मांगा।
जगन्नाथपुर मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें नजर आईं। पहाड़ी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रबंधन ने अरघा सिस्टम लागू किया था। नव वर्ष में श्रद्धालुओं के बड़ी तादाद में आगमन को लेकर मंदिर में रंग-बिरंगे गुब्बारे व पुष्प से विशेष सजावट की गई है। पहाड़ी मंदिर में पहली पूजा अहले सुबह हुई। इसके बाद मंदिर का पट आम भक्तों के लिए खोल दिया गया। संध्या में श्रृंगार के बाद भव्य महाआरती का आयोजन किया गया है।
100 पुलिस बल, 32 सीसीटीवी से नजर
पहाड़ी मंदिर विकास समिति के कोषाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पहाड़ी मंदिर में चार दंडाधिकारी के साथ 50 महिला बल एवं 50 पुरुष बल की तैनाती की गई है। साथ ही, मंदिर परिसर में लगे 32 सीसीटीवी से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। मंदिर में जाने हेतु महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग लाइन बनाई गई है।