अनगड़ा के लोगाें ने लिया संकल्प, अब ट्रेनों पर नहीं करेंगे पत्थरबाजी Ranchi News
Ranchi Jharkhand News रांची पोस्ट के रेलवे सुरक्षा बल ने अनगड़ा प्रखंड में पत्थरबाजी के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया। इसके अंतर्गत ट्रेनों पर की जा रही पत्थरबाजी से संबंधित दुष्परिणामों तथा इससे होने वाली जान-माल की क्षति के बारे में बताया गया।
रांची, जासं। रांची पोस्ट के रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने रविवार को मुरी के सहायक सुरक्षा आयुक्त अजय शंकर के नेतृत्व में अनगड़ा प्रखंड में पत्थरबाजी के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया। इस अभियान में यात्री सुरक्षा सेल के अधिकारी भी मौजूद थे। अनगड़ा प्रखंड के चतरा पंचायत की चतरा बस्ती में रेलवे किमी संख्या 406/05 (टाटीसिल्वे-गंगाघाट सेक्शन) के समीप ट्रेन पर पत्थर ना मारने के संबंध में ग्रामीणों के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके अंतर्गत ट्रेनों पर की जा रही पत्थरबाजी से संबंधित दुष्परिणामों तथा इससे होने वाली जान-माल की क्षति के बारे में बताया गया। इस संबंध में ग्रामीणों के बीच पर्ची भी बांटी गई।
साथ ही साथ सभी ग्रामीणों को रेलवे द्वारा जारी सहायता नंबर 139 के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा बाल एवं महिला सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन "नन्हे फरिश्ते" और "मेरी सहेली" के संबंध में विशेष रूप से जानकारी दी गई। इस अभियान में चतरा बस्ती के ग्राम प्रधान किस्टो कुजूर तथा मुखिया सोहन मुंडा के साथ-साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान की ग्रामीणों ने सराहना की और यह भरोसा दिया कि भविष्य में ट्रेन पर पत्थरबाजी की घटना की पुनरावृत्ति नहीं होगी।