Restuarants in Ranchi: इस रेस्त्रां में आधी कार में खाना- स्कूटर पर बैठकर बिल; जानिए
मेट्रो सिटी की तर्ज पर रांची में भी थीम बेस्ड रेस्त्रां का क्रेज बढ़ रहा है। दो तीन वर्षों में ही यहां बड़ी संख्या में ऐसे रेस्त्रां खुल गए हैं।
रांची, [विवेक आर्यन]। मेट्रो सिटी की तर्ज पर रांची में भी थीम बेस्ड रेस्त्रां का क्रेज बढ़ रहा है। दो तीन वर्षों में ही यहां बड़ी संख्या में ऐसे रेस्त्रां खुल गए हैं जो न सिर्फ स्वाद बल्कि इंटीरियर डिजाइन के कारण भी काफी चर्चा में हैं। इनमें से कुछ रेस्त्रां में आपको पूरा इंटीरियर गैराज की शक्ल में दिखेगा, तो कहीं नब्बे के दशक के रेट्रो लुक और गाने आपका स्वागत करेंगे।
उपभोक्तावाद के इस दौर में रांची में भी इस नव संस्कृति की शुरुआत हो गई है। निवारणपुर स्थित मैकेनिक्स एक ऐसा ही थीम बेस्ड रेस्त्रां है। जहां दरवाजे में हैंडल की जगह रेंच, वाहन के पहिए से बनी कुर्सियां, चारों ओर हेलमेट आपको अलग फील देगी। आधी कार, जिसमें बकायदा सीट लगी है।
काउंटर के सामने दो स्कूटर लगे हैं, सीटों के साथ। यह पूरा आवरण लोगों को, खास कर युवाओं को आकर्षित करने में सफल हो रहा है। ऐसे ही रेस्त्रां में से जंगली, अर्बन टपरी और कुछ लॉन्ज हैं, जिन्हें खास लुक देकर बनाया गया है।
मिथुन के गानों के संग खटिया पर बैठ कर खाएं खाना
सिरमटोली में मिर्च मसाला नामक रेस्त्रां रेट्रो थीम पर आधारित है। 100 साल पुरानी राजस्थानी दरवाजों पर सालों पुरानी लोहे की चेन और कुंडी, कांसे की बर्तन, दीवार पर चारों ओर पुरानी फिल्मों की पोस्टर। फैंसी लाइट की जगह लालटेन और पेट्रोमैक्स का प्रयोग किया गया है।
निरमा टिकिया, पुराने कैमरे और छत से लटकी मिट्टी की हांडी आपको सत्तर के दशक में ले जाएंगे। रेस्त्रां के भीतर दुर्लभ ग्रामोफोन भी रखा है। खाना खाने के दौरान मिथुन के डिस्को डांसर वाले गाने निश्चित ही आपका जायका बढ़ाने का काम करेंगे।
स्टार्टअप के तहत किए जा रहे हैं प्रयोग
थीम बेस्ड रेस्त्रां की शुरुआत रांची में स्टार्टअप के तहत हुई है। मैकेनिक्स को शुरू करने वाले तीन मित्र रांची के एक्सआइएसएस से पास आउट हैं। हर्ष गक्खड़ होटल मैनेजमेंट कर ऑपरेशनल काम देखते हैं। प्रणय और शिवेश एमबीए हैं। वे मार्केटिंग व फाइनांस संभालते हैं।
इसी तरह मिर्च मसाला भी नितेश सिंह चलाते हैं जो कि अहमदाबाद की एक फ्रेंचाइजी है। इसी तर्ज पर रांची में दर्जनों छोटे रेस्त्रां ग्राहकों को लुभाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। युवा सोच के साथ आगे बढ़ते हुए बाजार को जबरदस्त उछाल मिल रहा है।
कॉलेज के विद्यार्थियों में है ज्यादा क्रेज, परिवार के साथ भी जा रहे लोग
स्वाद के साथ आवरण को तवज्जो देने में युवा पीढ़ी आगे है। रेस्त्रां के मालिक बताते हैं कि उनके पास ज्यादातर कॉलेज के छात्र-छात्राएं आते हैं। कुछ रेस्त्रां द्वारा विद्यार्थियों को पांच फीसद की छूट भी दी जा रही है। बर्थडे पार्टी या गेट-टुग़ेदर के लिए इन रेस्त्रां को खूब पसंद किया जा रहा है। परिवार के लोग भी यहां खास मौके पर आते हैं। बताया गया कि महिलाओं में किट्टी पार्टी के लिए भी थीम बेस्ड रेस्त्रां उनकी पहली पसंद बनती जा रही है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप