रांची के चर्च काम्प्लेक्स के बाहर फुटपाथ से सड़क तक हो रही पार्किंग, लोगों को आवागमन में परेशानी
रांची में जाम की समस्या खत्म होने का नाम नहीं ले रही। आए दिन शहर के अलग अलग इलाकों में जाम लगा रहता है। कई बार इसकी वजह जहां तहां होने वाली पार्किंग है। फुटपाथ तक पर अतिक्रमण कर लिया गया है।
रांची,जासं। राजधानी के मेन रोड स्थित चर्च कांप्लेक्स के सामने लगने वाले वाहन सड़क तक लगाए जा रहे हैं। इससे जहां सड़क संकरी हो रही है वहीं पैदल चलने वालों को दिक्कत का सामना है। लोग पैदल नहीं चल पा रहे हैं। कई बार लोगों ने पार्किंग के ठेकेदार से सड़क किनारे वाहन नहीं लगवाने को कहा मगर, वो नहीं मान रहा है। ऐसे में पैदल चलने वाले कहां चलें। उनके फुटपाथ पर पार्किंग ठेकेदार का कब्जा है।
चर्च काम्प्लेक्स के परिसर में इतनी जगह नहीं है कि वहां पार्किंग हो सके। यहां नगर निगम ने पार्किंग का टेंडर कर दिया है। नगर निगम के पार्किंग ठेकेदार के लोग यहां बाइक और कारें लगवाते हैं। कायदे से पार्किंग सड़क पर या सड़क किनारे नहीं लगनी चाहिए। मगर, नगर निगम पार्किंग का टेंडर कर देता है। जहां कायदे से सड़क किनारे की जगह पैदल चलने वालों के लिए खाली होनी चाहिए। मगर, यहां तो सड़क पर कारें खड़ी की जाती हैं। इससे पैदल चलने वालों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। पैदल चलने वाले चर्च कांप्लेक्स के सामने सड़क पर चढ़ जाते हैं। जबकि, यहां उनके लिए हादसे का खतरा होता है। यहां मौजूद दुकानदार बताते हैं कि कई बार यहां लोग हादसे का शिकार हुए हैं।
नहीं हो रहा निगम के आदेश का पालन : रांची नगर निगम ने कुछ दिन पहले आदेश जारी किया था कि किसी भी व्यवसायिक काम्प्लेक्स के सामने वाहन नहीं लगाए जाएंगे। इसके बाद भी शहर में कई व्यवसायिक काम्प्लेक्स के सामने वाहन लगाए जा रहे हैं। नगर निगम अपने आदेश का ही पालन नहीं कर पा रहा है। आदेश में कहा गया था कि जहां भी काम्प्लेक्स के सामने वाहन खड़े पाए जाएंगे उनसे कार्रवाई के तौर जुर्माना वसूला जाएगा। मगर, अब तक किसी से भी जुर्माना वसूला नहीं गया है।
काम्प्लेक्स की पार्किंग के बाद भी सड़क पर लगते वाहन
यहां चर्च कंप्लेक्स की अपनी पार्किंग है। इस पार्किंग में कंप्लेक्स के दुकानदारों के वाहन लगते हैं। मगर, यहां आने वाले ग्राहक इस पार्किंग का इस्तेमाल नहीं करते। इसके चलते ग्राहक सड़क पर वाहन लगाते हैं। यहां सड़क पर वाहन लगता देख नगर निगम ने भी पार्किंग का टेंडर कर दिया है। सड़क पर पार्किंग लगने से यातायात व्यवस्था भी पटरी से उतर जाती है। कोकर के रामकुमार सिंह का कहना है कि काम्प्लेक्स में बेसमेंट में बनी पार्किंग में ग्राहकों के वाहन खड़े किए जाने चाहिए। इससे ही सड़क पर पार्किंग नहीं होगी। जबकि, ऐसा नहीं है। सभी व्यवसायिक काम्प्लेक्स के मालिक अपनी पार्किंग में किसी ग्राहक को वाहन नहीं लगाने देते।
कहते हैं अधिकारी
काम्प्लेक्स के सामने पार्किंग की जांच कराई जाएगी। अगर, सड़क तक वाहन खड़े होते हैं तो ठेकेदार पर कार्रवाई की जाएगी। उसे कई बार बताया गया है कि सड़क पर वाहन पार्क नहीं होने हैं।
मुकेश कुमार, नगर आयुक्त