वैक्सीन खत्म होने से लोग निराश, बोले- एक तरफ सरकार कर रही प्रोत्साहित, दूसरी तरफ है मारामारी
COVID 19 Vaccine Update Jharkhand News Corona Vaccine लोगों को वैक्सीन के स्लाट बुक करने से लेकर वैक्सीन का जैब लेने तक संघर्ष करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर वैक्सीन की कमी के कारण टीकाकरण बाधित है।
रांची, जासं। राजधानी रांची समेत राज्य के आठ जिलों में रविवार को वैक्सीनेशन ठप होने से लोगों में बड़ी निराशा है। आज रांची में केवल एक ही स्थान पर कोवैक्सीन उपलब्ध है। बाकि केंद्र बंद हैं। राज्य में पहले से कोविशील्ड वैक्सीन नहीं है। राज्य को कोविड वैक्सीन के लिए अब पांच दिनों तक इंतजार करना पड़ सकता है। उम्मीद है कि राज्य में 15 जुलाई को दो लाख 57 हजार 790 कोविशील्ड वैक्सीन की डोज आएगी। इसके बाद स्थिति थोड़ी सामान्य हो सकती है।
मगर इससे राजधानी रांची के लोगों में बड़ी निराशा है। लोगों का कहना है कि एक तरफ सरकार और निजी एजेंसियां लोगों को कोविड वैक्सीन लेने के लिए प्रेरित कर रही हैं। वहीं दूसरी तरफ लोगों को वैक्सीन के स्लाॅट बुक करने से लेकर वैक्सीन का डोज लेने तक संघर्ष करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर वैक्सीन की कमी के कारण टीकाकरण बाधित है। ऐसे में केंद्र और राज्य सरकार को इस मामले में एक साथ मिलकर काम करने की जरूरत है। थड़पखना में रहने वाले सैमित्र सेन ने बताया कि वे एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं।
कंपनी के द्वारा लगातार वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। ऐसे में उन्होंने अपने परिवार के सभी व्यस्क सदस्यों के साथ वैक्सीन लेने की सोची। इसमें तीन दिन उन्हें स्लाट लेने में लगा। इसके बाद से वैक्सीन के लिए दो दिन से दौड़ लगा रहे हैं। वहीं 45 प्लस वाले ग्रुप में भी वैक्सीन की कमी होने से परिवार के कई सदस्यों का टीकाकरण नहीं हो सका है। इससे उनमें काफी निराशा है।
मगर इस सप्ताह वे वैक्सीन की नई खेप आते ही पहली डोज जरूर लेंगे। वहीं कोकर के तिरिल में रहने वाली डिम्पी बताती हैं कि वे अपने लिए पिछले दो दिनों से वैक्सीन के लिए स्लॉट की बुकिंग की कोशिश कर रही हैं। मगर हो नहीं पा रहा है। कोरोना संक्रमित हो जाने के कारण वे ठीक होने के तीन महीने बाद वैक्सीन लेने की कोशिश कर रही है। उनका कहना है कि लोगों के हित में राज्य सरकार और केंद्र सरकार को इसके बारे में विचार करना चाहिए।
बूटी मोड़ में रहने वाले सुनील शर्मा बताते हैं कि वे एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। ऐसे में उनके पास वैक्सीन के लिए केवल रविवार का वक्त है। मगर पिछले सप्ताह कई स्थानों पर घुमने के बाद भी उनका वैक्सीनेशन नहीं हो पाया। इस सप्ताह वैक्सीन नहीं होने से वे बड़े निराश हैं। मगर उन्होंने खुद से पक्का वादा किया है कि वो वैक्सीन जरूर लेंगे।