Jharkhand Lockdown: ट्रेन से कोलकाता से दर्जन भर यात्री आए रांची, स्टेशन पर उतर आराम से चलते बने
Jharkhand Lockdown कोलकाता से आ रहे विशेष पार्सल ट्रेन में दर्जनभर यात्री रांची रेल मंडल में प्रवेश कर गए। आश्चर्य यह कि इन यात्रियों की आने की भनक किसी भी पदाधिकारी को नहीं लगी।
रांची, जासं। कोलकाता से रांची आ रहे दो बोगी की विशेष पार्सल ट्रेन में दर्जनभर यात्री रांची रेल मंडल में प्रवेश कर गए। आश्चर्य यह कि इन यात्रियों की आने की भनक किसी भी पदाधिकारी को नहीं लगी। यात्री बड़े ही आराम से हटिया और आसपास के स्टेशनों पर उतर गए। हालांकि रेलवे प्रशासन इससे इन्कार कर रहा है।
लॉकडाउन की उड़ी जमकर धज्जियां
सीपीआरओ, रांची रेल मंडल नीरज कुमार के अनुसार ट्रेन में जो भी आए हैं वे सभी रेलकर्मी हैं। सामान को उतारने के बाद वे वापस ट्रेन से चले गए। जबकि पार्सल बोगी में बैठने वालों की संख्या अधिक थी। ऐसे में शारीरिक दूरी का भी ख्याल नहीं रखा गया। लॉकडाउन की जमकर धज्जियां उड़ाई गई।
यात्रियों की नहीं हुई स्क्रीनिंग
जानकारी के मुताबिक पार्सल बोगी में रेल कर्मियों द्वारा बड़ी लापरवाही बरती गई। चलती ट्रेन में खाना बनाने के लिए स्टोव का इस्तेमाल किया गया। यह सुरक्षा की दृष्टि से एक बड़ी लापरवाही है। ट्रेन गुरुवार की शाम छह बजे हावड़ा से हटिया के लिए खुली थी और शुक्रवार को दोपहर तीन बजे हटिया पहुंची। इस दौरान बोगियों से दर्जनों यात्री बैग लेकर निकले और स्टेशन से बाहर चले गए। इस दौरान यात्रियों की न तो स्क्रीनिंग हुई और न ही यह पूछा गया कि कहां से आ रहे हैं। सूत्रों के अनुुुुसार ट्रेन से आए लोग हरमू, कोकर, खेल गांव और रातू रोड इलाके में गए हैं। हालांकि इसकी अधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है। रेलवे के अधिकारी से आधिकारिक पुष्टि के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।