अपर बाजार में पार्किग व्यवस्था का होना जरूरी, सड़क जाम के कारण कोविड नियम का पालन मुश्किल
Jharkhand News अपर बाजार में जाम की समस्या के कारण शारीरिक दूरी के नियमों का पालन कराने में दुकानदारों के समक्ष होने वाली कठिनाई पर चिंता व्यक्त करते हुए झारखंड चैंबर ऑफ काॅमर्स ने नगर आयुक्त को पत्राचार किया।
रांची, जासं । अपर बाजार में जाम की समस्या के कारण शारीरिक दूरी के नियमों का पालन कराने में दुकानदारों के समक्ष होने वाली कठिनाई पर चिंता व्यक्त करते हुए झारखंड चैंबर ऑफ काॅमर्स ने नगर आयुक्त को पत्राचार किया। पत्र में कहा गया कि पूरे बाजार क्षेत्र में एक भी स्थान पर पार्किंग पडाव निर्धारित नहीं होने के कारण सडकों पर ही गाडियां लगती हैं। इससे यातायात तो बाधित होता ही है। इससे कोविड से बचाव हेतु जरूरी शारीरिक दूरी का पालन भी कराने में भी व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए बकरी बाजार को पार्किंग स्थल के रूप में शीघ्र विकसित किया जाय।
चैंबर अध्यक्ष प्रवीण जैन छाबडा ने कहा कि अपर बाजार में होलसेल से लेकर सेमी होलसेल तक की कई व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होती हैं। यहां से पूरे झारखंड में विभिन्न वस्तुओं की सप्लाई चेन मेंटेन की जाती है। यदि यह बाजार बाधित हो जाए तो पूरे प्रदेश में सप्लाई चेन प्रभावित हो जायेगी। जाममुक्त क्षेत्र के लिए बाजार क्षेत्र की आधारभूत संरचना विकसित है ही नहीं, ऐसे में समस्या का बिना समाधान किए शारीरिक दूरी के लिए व्यवसायियों को विवश करना उचित नहीं है। इस समस्या के स्थाई समाधान की दिशा में निगम द्वारा पहल की जाय और बाजार क्षेत्र में पार्किंग पडाव का निर्धारण किया जाय।
चैंबर के महासचिव राहुल मारू ने कहा कि बाजार को वन वे करने से भी जाम की समस्या से थोड़ी राहत मिल सकती है। इसके लिए पहले भी नगर निगम और यातायात पुलिस के द्वारा वर्ष 2019 में व्यवस्था की गयी थी। मगर बाद में कोविड-19 के कारण इस व्यवस्था पर से सभी का ध्यान हट गया। इस पर फिर से विचार करने की जरूरत है।