Coronavirus Alert : पलामू टाइगर रिजर्व में भी अलर्ट, अमेरिका में बाघ में मिला था कोरोना का संक्रमण
Coronavirus Alert. झारखंड में बिरसा जैविक उद्यान व अन्य जैविक उद्यानों के साथ-साथ पलामू टाइगर रिजर्व व अन्य वन्य आश्रयणी में भी वन विभाग के स्तर से अलर्ट जारी किया गया है।
रांची, राज्य ब्यूरो। Lockdown Extension अमेरिका के न्यूयॉर्क के एक जू में टाइगर में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि होने के बाद झारखंड में भी बिरसा जैविक उद्यान व अन्य जैविक उद्यानों के साथ-साथ पलामू टाइगर रिजर्व व अन्य वन्य आश्रयणी में भी वन विभाग के स्तर से अलर्ट जारी किया गया है। वन विभाग के प्रधान मुख्य वन संरक्षणक (वन्य जीव) पीके वर्मा ने बताया कि बिरसा जैविक उद्यान सहित अन्य निजी जैविक उद्यान में भारतीय चिडिय़ाघर प्राधिकरण के स्तर से जारी गाइडलाइन का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया है।
वन्य जीवों के संपर्क में आने वाले कर्मी करें मास्क व सेनेटाइरज का उपयोग
पलामू टाइगर रिजर्व व अन्य वन्य आश्रयणी पर भी एनटीसीए के स्तर से जारी निर्देश का पालन पहले से ही किया जा रहा है। अमेरिका के जैविक उद्यान में हुई घटना को देखते हुए नए सिरे से निर्देश जारी किए गए हैं। कैमरा ट्रैप के माध्यम से वन्य जीवों पर निगाह रखने को कहा गया है। स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि वन्य जीवों के संपर्क में आने वाले कर्मी मास्क व सेनेटाइरज का उपयोग करें। वन्य जीव, मानवों के संपर्क में किसी भी हाल में नहीं आने चाहिए।