पर्यावरणीय स्वीकृति मामले में सिर्फ 5 बिल्डरों ने दिया जवाब, 17 अन्य को दोबारा भेजा जाएगा नोटिस
Jharkhand News नगर निगम इलाके में धड़ाधड़ ऐसी इमारतें बन रही हैं जिनमें पर्यावरणीय स्वीकृति नहीं ली गई। ग्रीन ट्रिब्यूनल ने शिकंजा कसा तो नगर विकास विभाग ने निगम को ऐसी इमारतों का काम रुकवाने का निर्देश दिया।
रांची, जासं। ग्रीन ट्रिब्यूनल के निर्देश पर रांची नगर निगम ने जिन 22 बिल्डरों को पर्यावरणीय स्वीकृति का सॢटफिकेट जमा करने के लिए नोटिस दी थी, उनमें से अब तक सिर्फ पांच ने ही नगर निगम में अपना जवाब दाखिल किया है। इन बिल्डरों ने बताया है कि उनके पास पर्यावरणीय स्वीकृति नहीं है और उन्होंने इसके लिए आवेदन कर रखा है। जवाब नहीं देने वाले बिल्डरों के खिलाफ दोबारा नोटिस करने की तैयारी हो रही है।
ग्रीन ट्रिब्यूनल का निर्देश है कि बिना पर्यावरणीय स्वीकृति के किसी भी 20 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल से अधिक में बनने वाली इमारत के निर्माण की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके बावजूद नगर निगम इलाके में धड़ाधड़ ऐसी इमारतें बन रही हैं जिनमें पर्यावरणीय स्वीकृति नहीं ली गई।
ग्रीन ट्रिब्यूनल ने शिकंजा कसा तो नगर विकास विभाग ने निगम को ऐसी इमारतों का काम रुकवाने का निर्देश दिया। इसके बाद नगर निगम ने एक महीना पहले ऐसे 22 बिल्डरों को नोटिस जारी की थी, जिनके पास पर्यावरणीय स्वीकृति नहीं है। कहा गया था कि वह पर्यावरणीय स्वीकृति लेकर दस्तावेज नगर निगम में जमा करें। लेकिन अब तक किसी भी बिल्डर ने पर्यावरणीय स्वीकृति लेकर दस्तावेज नगर निगम में जमा नहीं किया है।
यही नहीं, नगर निगम की नोटिस का सिर्फ पांच बिल्डरों ने ही जवाब दिया है। इन बिल्डरों ने कहा है कि उन्होंने पर्यावरणीय स्वीकृति के लिए आवेदन दे रखा है। निगम ऐसे बिल्डरों को दोबारा नोटिस करने जा रहा है, जिन्होंने अब तक नगर निगम की नोटिस का जवाब देना मुनासिब नहीं समझा है।