पहाड़ी मंदिर में लगेंगे एक हजार हरसिंगार के पौधे
नीलमणि चौधरी रांची पहाड़ी मंदिर में भोलेनाथ के दर्शन के साथ श्रद्धालु पार्क का भी लुत्फ उठा सकेंगे। पहाड़ी मंदिर में हरसिंगार के एक हजार पौधे लगेंगे।
नीलमणि चौधरी, रांची : पहाड़ी मंदिर में भोलेनाथ के दर्शन के साथ श्रद्धालु पार्क का भी लुत्फ उठा सकते हैं। पहाड़ी के मध्य में बाबा विश्वनाथ मंदिर के ठीक बगल में करीब एक हजार स्क्वायर फीट में पार्क के लिए स्थल का चयन किया गया है। इसके लिए जिला प्रशासन की स्वीकृति मिल गई है। स्वीकृति मिलने के बाद पौध रोपण कार्य शुरू हो चुका है। अगले छह माह में पार्क विकसित हो जाएगा। पार्क में सुगंधित पुष्प तो होंगे ही भव्य लाइटिंग व बैठने का उत्तम प्रबंध होगा।
पूजा-अर्चना के बाद प्राकृतिक वादियों के बीच कुछ पल सुकून से बैठने का मौका मिलेगा। खास बात ये है कि पार्क में हरसिंगार के एक हजार पौधे लगाए जाएंगे। विभिन्न औषधीय व सुगंधित पुष्प भी लगाए जाएंगे। प्रथम चरण में हरसिंगार लगाया जा रहा है। सीमांकन के बाद अन्य पौधे लगेंगे। इसके लिए सरकारी राशि नहीं खर्च होगी। पार्क जन सहयोग से बनेगा। कुछ बैंक और प्रतिष्ठान से सहयोग मांगा गया है।
पहाड़ी मंदिर समिति के कोषाध्यक्ष अभिषेक आनंद ने बताया कि सहयोग के लिए पहाड़ी मंदिर विकास समिति की ओर से बैंकों व प्रतिष्ठानों से आग्रह किया गया है। कुछ जगह से भी सहमति मिली है। आम लोग भी सहयोग दे सकते हैं। बताया कि पिछले दिनों डीसी राय महिमापत रे पहाड़ी मंदिर का निरीक्षण करने पहुंचे थे। उसी समय पार्क बनाने की योजना बनी।
वृक्षों से आच्छादित होगी पहाड़ी, कटाव पर लगेगा अंकुश
मिट्टी कटाव एवं सौदर्य की रक्षा हेतु पूरा पहाड़ी वृक्षों से आच्छादित होगी। पहाड़ी मंदिर परिसर में हजारों पेड़ लगाने की योजना है। इसकी शुरुआत बीते नौ जुलाई को डीसी महिमापत रे ने खुद अपने हाथों से किया था। उन्होंने खुद अपने हाथों से पौधा लगाया था। इसके बाद से सैकड़ों पौधे लगाये जा चुके हैं।