रांची में सड़क दुर्घटना में 1 की मौत, उग्र ग्रामीणों ने किया सड़क जाम Ranchi News
Jharkhand. जतरा देखकर लौट रहे युवक को हाईवा ने कुचला। सीओ के लिखित आश्वासन के बाद ग्रामीण माने और सड़क जाम खत्म हुआ।
कांके (रांची), जासं। कांके थाना क्षेत्र के रांची-पतरातू मार्ग पर नगड़ी जतरा टाड़ स्थित चामा निवासी रोहित खलखो पिता जोसेफ खलखो की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। घटना सुबह लगभग 5 बजे की है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दी। घटना के संबध में बताया जा रहा है कि जतराटाड़ स्थित जतरा के बाद रोहित सुबह अपनी बाइक से घर के लिए निकला। इसी दौरान उसे हाईवा ट्रक ने अपने चपेट में ले लिया। इससे रोहित की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद उग्र ग्रामीणों ने हाईवा ट्रक को आग के हवाले कर दिया और सुबह 6 बजे से ही रांची-पतरातू मार्ग को जाम कर दिया। दमकल की मदद से हाईवा में लगी आग पर काबू पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही कांके थाना, पिठोरिया थाना की पुलिस, डीसपी नीरज कुमार, कांके सीओ अनिल कुमार घटनास्थल पर पंहुचे। उग्र ग्रामीण किसी भी अधिकारी की बात मानने को तैयार नहीं थे। ग्रामीणों की मांग थी कि मृतक के परिजन अत्यंत गरीब परिवार के हैं।
इसके दाह संस्कार के लिए तत्काल सहायता राशि दी जाए। प्रधानमंत्री आवास का लाभ और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, जनवितरण प्रणाली की दुकान, 30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि दी जाए। कांके सीओ अनिल कुमार व कांके थाना प्रभारी ने मौके पर ही दाह संस्कार के लिए अपनी ओर से 5-5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी।
सीओ अनिल कुमार ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उन्हें जल्द ही पारिवारिक योजना का लाभ व अन्य मांगें पूरी की जाएगी। उग्र ग्रामीण सीओ अनिल कुमार के लिखित आश्वासन के बाद माने। जाम साढ़े तीन घंटा के बाद खुला।