सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर पुलिस अधिकारियों ने राष्ट्रीय एकता का लिया संकल्प
पुलिस लाइन में राष्ट्रीय एकता दिवस परेड का आयोजन किया गयाl परेड में रांची पुलिस के आला अधिकारी से लेकर बड़ी संख्या में जवान शामिल हुए। एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा ने इस मौके पर पुलिसकर्मियों को राष्ट्रीय एकता व अखंडता बनाए रखने के लिए सभी पुलिस जवानों को संकल्प दिलाया।
रांची (जासं) भारत के प्रथम गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के मौके पर कांके रोड स्थित पुलिस लाइन में राष्ट्रीय एकता दिवस परेड का आयोजन किया गयाl परेड में रांची पुलिस के आला अधिकारी से लेकर बड़ी संख्या में जवान शामिल हुए। एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा ने इस मौके पर पुलिसकर्मियों को राष्ट्रीय एकता व अखंडता बनाए रखने के लिए सभी पुलिस जवानों को संकल्प दिलाया। साथ ही परेड में शामिल होकर एसएसपी ने जवानों का हौंसला भी बढ़ाया।
एसएसपी सुरेंद्र झा ने कहा कि सरदार पटेल केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में जाने जाते हैं। उन्होंने देश को एकता के सूत्र में पिरोने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। उनके विचार और कार्य हमें एक भारत-श्रेष्ठ भारत के मंत्र से जीने की प्रेरणा देते हैं। एसएसपी ने बताया कि सरदार पटेल आजाद भारत के पहले उपप्रधानमंत्री और गृहमंत्री रह चुके हैं।
एसएसपी की मौजूदगी में सभी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता का संकल्प लिया। एसएसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों व पुलिस जवानों को संकल्प दिलाया कि वह राष्ट्रीय एकता व अखंडता के लिए अपनी जान की बाजी लगा देंगे पर विखंडन नहीं होने देंगे की शपथ ली। इस दौरान सिटी एसपी, ग्रामीण समेत कई पुलिस अधिकारी और जवान उपस्थित थे।
लौह पुरुष के नाम से नवाजे जाते है सरदार पटेलः भारत रत्न से सम्मानित सरदार वल्लभभाई पटेल का जन्म 31 अक्टूबर 1875 को गुजरात के नडियाड में हुआ था। स्वतंत्रता आंदोलन में उनका भी बड़ा योगदान रहा। सरदार पटेल ने भारतीय प्रशासनिक सेवाओं को मजबूत करने पर जोर दिया था। उनके द्वारा किए गए साहसिक कार्यों की वजह से ही उन्हें लौह पुरुष व सरदार नाम से नवाजा गया था। सरदार पटेल का निधन 15 दिसंबर,1950 को मुंबई में हुआ था। सरदार पटेल जयंती को पहली बार राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में 2014 में प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मनाया गया था।