यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 16, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
झारखंड के जरूरतमंद गरीबों को जल्द मिलेगी छत, CM हेमंत सोरेन ने स्वतंत्रता दिवस पर की अबुआ आवास योजना की घोषणा
77वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को रांची के मोरहाबादी मैदान में ध्वजारोहण किया। इस ...और पढ़ें

HighLights
- मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण के बाद की घोषणा।
- बोले- सभी जरूरतमंद गरीबों को मिलेगा तीन कमरों का आवास
- 38 हजार पदों पर नियुक्ति के लिए झारखंड कर्मचारी आयोग को भेजी गई अधियाचना।
- रांची को जाममुक्त बनाने के लिए कई फ्लाईओवर का कराया जा रहा निर्माण।
राज्य ब्यूरो, रांची: 77वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को रांची के मोरहाबादी मैदान में ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद अपने अभिभाषण में हेमंत सोरेन ने घोषणा की कि राज्य सरकार सभी गरीब बेघरों को तीन कमरों का आवास उपलब्ध कराएगी। इसके लिए अबुआ आवास योजना शुरू होगी।
आने वाले दो सालों में लगभग 15 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा राशि खर्च कर राज्य सरकार अपनी निधि से जरूरतमंद लोगों को आवास उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि झारखंडवासियों की उन्नति, खुशहाली और सशक्तिकरण के लिए उनकी सरकार प्रतिबद्ध है।
जल्द होगी 38 हजार पदों पर नियुक्ति
मुख्यमंत्री ने कहा कि 38 हजार पदों पर नियुक्ति के लिए अधियाचना झारखंड कर्मचारी आयोग को भेज दी गई है। शीघ्र ही इन पदों पर नियुक्ति होगी। नियुक्ति में झारखंड के लोगों को उनका उचित हक मिले, इसे सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में स्वच्छ एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए झारखंड प्रतियोगी परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम और निवारण के उपाय) विधेयक, 2023 विधानसभा से पारित कराया गया है।
सुखाड़ के हालात पर राज्य सरकार की नजर
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सुखाड़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। आगे परिस्थिति के अनुसार समुचित निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पिछले साल हमें सुखाड़ से निपटने के लिए केंद्र से अपेक्षित सहायता नहीं मिली। इसके बावजूद राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री सुखाड़ राहत योजना और झारखंड कृषि ऋण माफी योजना से किसानों को हर संभव सहायता पहुंचाने का प्रयास किया।
संविदा महिला कर्मियों को दी मातृत्व अवकाश की स्वीकृति
पुरानी पेंशन पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने लाखों राज्य कर्मियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल कर दी है। हजारों पुलिसकर्मी छुट्टी के हकदार हुए हैं। संविदा पर कार्यरत महिला कर्मियों को 180 दिनों के मातृत्व अवकाश की स्वीकृति दी गई है।
लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए इस वर्ष भी 'आप की सरकार आप के द्वार' कार्यक्रम का संचालन किया जाएगा।
प्रमंडलों में खुलेंगे आवासीय प्लस टू विद्यालय
उन्होंने कहा कि पिछड़े वर्ग के बच्चों के लिए सभी प्रमंडलों में एक-एक नया आवासीय प्लस टू विद्यालय खोले जा रहे हैं। अत्याधुनिक सुविधायुक्त बहुमंजिला छात्रावास में माडल लाइब्रेरी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
ट्रैफिक जाम से मुक्त होगा रांची
रांची को ट्रैफिक जाम से मुक्त कराने के लिए सिरमटोली आरओबी कम फ्लाईओवर का निर्माण युद्ध स्तर पर चल रहा है, जिसे कांटाटोली फ्लाईओवर से जोड़ा जाएगा। सहजानंद चौक से कांके रोड के लिए फ्लाईओवर का निर्माण भी प्रस्तावित है।
झारखंड की अस्मिता पर की बात
मुख्यमंत्री ने कहा, झारखंड की अस्मिता और पहचान को अक्षुण्ण रखते हुए पारंपरिकता और आधुनिकता के संतुलित दृष्टिकोण के साथ हम विकास की ऊंचाइयों को छूने का प्रयास कर रहे हैं।
जल, जंगल और जमीन से जुड़ी समृद्ध परंपरा और प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीने की हमारी जीवन शैली दुनिया को जीने की सच्ची राह दिखाता है।
परेड में उत्तर प्रदेश पुलिस टीम भी हुई सम्मिलित
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मोरहाबादी मैदान में परेड का निरीक्षण भी किया। इस परेड में जैप तथा झारखंड पुलिस के अलावा मेहमान के रूप में अवर निरीक्षक महेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम भी सम्मिलित हुई। बाद में मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट परेड करनेवाली टीम को सम्मानित भी किया। इसमें उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम भी सम्मिलित है।
44 पुलिस पदाधिकारियों, कर्मियों को राष्ट्रपति पदक
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राज्य के 44 पुलिस पदाधिकारियों-कर्मियों को राष्ट्रपति के हाथों दिए गए पदक को प्रदान किया। ये सभी पदक पूर्व में राष्ट्रपति के हाथों गणतंत्रता दिवस समारोहों के मौके पर प्रदान किया गया था।
