Jagarnath Mahto Health Update: झारखंड के शिक्षा मंत्री की सेहत में सुधार नहीं, 100% ऑक्सीजन सपोर्ट पर
Jagarnath Mahto Health News Update उनका ऑक्सीजन सेचुरेशन लेवल 93 - 95 बना हुआ है। उन्हें 100 प्रतिशत हाई फ्लो आक्सीजन दिया जा रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि एक दो दिन के भीतर स्वास्थ्य में सुधार होगा।
रांची, जासं। झारखंड सरकार के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो की स्थिति में अभी कोई सुधार देखने को नहीं मिल रहाहै। डाक्टर लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उनके शरीर में ऑक्सीजन सेचुरेशन का लेवल जस का तस बना हुआ है। मेडिका के मेडिकल डायरेक्टर और क्रिटिकल केयर के हेड डॉ. विजय मिश्रा ने बताया कि जब से शिक्षा मंत्री मेडिका आए हैं, उनकी स्थिति पहले जैसी ही है।
अब तक उन्हें दो बार प्लाज्मा चढ़ाया जा चुका है। एक बार रिम्स में प्लाज्मा थेरेपी दी गई थी। इसके बाद मेडिका में शिफ्ट करने के बाद भी प्लाज्मा दिया गया था। इसके बाद भी उनकी तबीयत में कोई खास सुधार नहीं दिख रहा है। उनका आक्सीजन सेचुरेशन लेवल 93 - 95 बना हुआ है। उन्हें 100 प्रतिशत हाई फ्लो आक्सीजन दिया जा रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि एक दो दिन के भीतर स्वास्थ्य में सुधार होगा।
कोरोना के अलावा भी निमोनिया की दवाएं दी जा रही हैं। ऑक्सीजन सपोर्ट से निकलने के बाद उनका सिटी स्कैन किया जाएगा। इससे पता चलेगा कि उनके फेफड़े में कोई इंफेक्शन हुआ है या नहीं। बताते चलें कि 28 सितंबर को शिक्षा मंत्री उनकी कोविड जांच रिपोर्ट पाजिटिव आई थी। सांस की समस्या होने पर उन्हें बोकारो से सीधा रिम्स लाया गया। कोविड वार्ड में डा. प्रदीप भट्टाचार्य की देखरेख में दो दिन इलाज चलने के बाद वे मेडिका में शिफ्ट हो गए।