यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 08, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
झारखंड की स्वर्णरेखा को बनाएंगे जलमार्ग: नितिन गडकरी
नितिन गडकरी ने कहा कि वे जलमार्ग से नेपाल और भारत के आयात-निर्यात को जोड़ेंगे।

राज्य ब्यूरो, रांची। सड़क परिवहन, राजमार्ग एवं जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी ने झारखंड की स्वर्णरेखा नदी को जलमार्ग के रूप में विकसित करने की घोषणा की है। मोदी फेस्ट आयोजन के सिलसिले में गुरुवार को रांची पहुंचे नितिन गडकरी ने इस सपने को हकीकत में बदलने का वादा करते हुए कहा कि वे अक्टूबर में इस योजना का शुभारंभ करेंगे।
उन्होंने कहा कहा कि जल्द ही हम आयरन स्लैग से सड़कों का निर्माण करेंगे। जमशेदपुर में टाटा की फैक्ट्री के आयरन स्लैग के पहाड़ के पहाड़ पड़े हैं। कहा कि वे जलमार्ग से नेपाल और भारत के आयात-निर्यात को जोड़ेंगे। नेपाल की गंडक नदी से पटना तक माल आएगा और वहां से साहिबगंज तक। इससे यहां की अर्थव्यवस्था बदल जाएगी। केंद्रीय मंत्री ने अपने आधे घंटे के संबोधन के दौरान जहां केंद्र सरकार की तीन वर्षो की महत्वपूर्ण उपलब्धियों को साझा किया वहीं, अपने मंत्रालय से जुड़ी दर्जन भर घोषणाएं भी कर डाली।
गडकरी ने कहा कि वाराणसी से हल्दिया तक बनने वाला 1680 किमी का गंगा जलमार्ग झारखंड के विकास का ग्रोथ इंजन साबित होगा। इस मार्ग पर 40 रिवर पोर्ट बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि साहिबगंज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आए थे वहां उन्होंने मल्टी मॉडल टर्मिनल का शुभारंभ किया था। वहां अब काम शुरू हो चुका है। 280 करोड़ रुपये का ठेका भी दिया जा चुका है। यहां हम एलएनजी बंकर भी बना रहे हैं, जिससे जहाज में ईधन भरा जाएगा। छह माह के भीतर इसका काम भी शुरू हो जाएगा। यह सस्ता फ्यूल है। इससे प्रदूषण भी नहीं होगा।
पानी व रोड पर चलने वाली बस खरीदे झारखंड सरकार :
गडकरी ने झारखंड सरकार को सुझाव दिया कि वह पानी में चलने वाली बस खरीदे। दो करोड़ रुपये की लागत वाली ऐसी एक बस महाराष्ट्र ने खरीदी है। पंजाब और आंध्र प्रदेश ने ऐसी दो-दो बसें खरीदी हैं। ये बस सड़क और पानी दोनों में चल सकती हैं। इससे पानी में आपका ट्रांसपोर्ट शुरू हो जाएगा। लोग लांग रूट से साहिबगंज पहुंचेंगे। वहां से ये बस गंगा को पार कर आगे निकल जाएगी। 2018 से पहले पानी में चलने वाला हवाई जहाज : नितिन गडकरी ने कहा कि वे 2018 तक पानी में चलने वाले हवाई जहाज देश में लेकर आएंगे। झारखंड देखेगा कि उनके मुख्यमंत्री रघुवर दास कोलकाता से हवाई जहाज से उड़ेंगे और साहिबगंज में गंगा नदी पर उतरेंगे।
गडकरी ने दलित के घर किया भोजन
रांची प्रवास के दौरान केंदीय मंत्री नितिन गडकरी ने भाजपा के पूर्व एसटी प्रदेश अध्यक्ष भरत बाल्मीकि के घर भोजन किया। उनके लिए विशेष व्यंजन बने थे। लेकिन उन्होंने सादे भोजन स्वरूप दाल-चावल और सलाद का स्वाद लिया। गडकरी ने सादे भोजन की तारीफ की। गडकरी दोपहर तीन बजकर 18 मिनट पर यहां पहुंचे। घर के बाहर उनकी आरती उतारी गई। भोजन कर वे 3.40 पर निकल गए।
दलितों के घर भोजन दिखावा : कांग्रेस
दलित के यहां भोजन करने को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. शकील अहमद ने तंज कसा है। कहा कि भाजपा नेता दिखावे के लिए दलितों के यहां भोजन कर रहे हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश और कर्नाटक का उदाहरण देते हुए कहा कि दलितों के घर जाने के पूर्व प्रशासनिक अधिकारी साबुन और परफ्यूम भेजते हैं।
