Move to Jagran APP

भाजपा के पूर्व विधायक पर हमले की जांच करेगी एनआइए... नक्सली हमले में मारे गए थे दो अंगरक्षक... लूट लिए थे तीन हथियार

Jharkhand Crime News एनआइए ने पूर्व विधायक गुरुचरण नायक पर हमले से संबंधित केस को टेकओवर कर लिया है। पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाने में पांच जनवरी को दर्ज हुई थी प्राथमिकी। एक करोड़ के इनामी मिसिर बेसरा सहित नौ आरोपितों पर दर्ज हुई प्राथमिकी।

By M EkhlaqueEdited By: Published: Mon, 04 Jul 2022 05:17 PM (IST)Updated: Mon, 04 Jul 2022 05:19 PM (IST)
भाजपा के पूर्व विधायक पर हमले की जांच करेगी एनआइए... नक्सली हमले में मारे गए थे दो अंगरक्षक... लूट लिए थे तीन हथियार
Jharkhand News: भाजपा के पूर्व विधायक पर हमले की जांच करेगी एनआइए... नक्सली हमले में मारे गए थे दो अंगरक्षक

रांची, राज्य ब्यूरो। पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र स्थित झीलरुंआ स्कूल मैदान में इसी वर्ष चार जनवरी की शाम करीब सवा छह बजे हुई पूर्व विधायक गुरुचरण नायक पर नक्सली हमले से संबंधित केस को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने टेकओवर कर लिया है। इस मामले में पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाने में पांच जनवरी को प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसे एनआइए ने टेकओवर करते हुए एनआइए की रांची शाखा में आरसी-03/2022 में एक केस दर्ज किया है। उक्त केस में एक करोड़ के इनामी मिसिर बेसरा सहित नौ संदिग्धों को आरोपित बनाया है। केस के अनुसंधानकर्ता एनआइए की रांची शाखा के इंस्पेक्टर सचिता नंद बनाए गए हैं।

loksabha election banner

भीड़ में छिपकर पूर्व विधायक ने बचाई थी जान

खेलकूद का आयोजन ग्राम विकास समिति ने किया था। घटना के दिन खेलकूद समारोह में शामिल पूर्व विधायक गुरुचरण नायक पर नक्सलियों ने हमला कर दिया था, जिसमें पूर्व विधायक ने भीड़ में शामिल होकर अपनी जान बचाई थी। नक्सलियों ने मैदान में मौजूद पूर्व विधायक के तीनों अंगरक्षकों को घेर लिया था। अंगरक्षक नक्सलियों से उलझ गए, लेकिन उनकी संख्या अधिक थी, जिससे वे हथियार लूटने में सफल रहे। नक्सलियों ने दो अंगरक्षकों शंकर नायक व ठाकुर हेम्ब्रम की हत्या कर दी थी। एक अंगरक्षक ने घायल अवस्था में भागकर अपनी जान बचाई थी।

इनके खिलाफ एनआइए रांची शाखा में प्राथमिकी

मिसिर बेसरा (एक करोड़ का इनामी), रघु, अश्विन, चंदन, मोछू, सुशांत, सागेन, कांडे होनहागा व सोनाराम होनहागा। सभी आरोपितों का पता पश्चिमी सिंहभूम के गोइलकेरा में है।

हथियार लूटने के लिए ही नक्सलियों ने किया था हमला

पश्चिमी सिंहभूम पुलिस के अनुसंधान में इस बात का खुलासा हो चुका है कि पूर्व विधायक गुरुचरण नायक पर हमले की योजना सुनियोजित थी। नक्सलियों का उद्देश्य पूर्व विधायक के अंगरक्षकों के हथियार को लूटना था, जिसमें वे सफल हो पाए। अंगरक्षकों ने विरोध कर दिया, जिसके बाद नक्सलियों ने दो की हत्या कर दी। हालांकि, तीसरा अंगरक्षक भागने में सफल रहा था, नहीं तो नक्सली उसे भी मार देते। इस घटना में कुख्यात नक्सली मोछू के दस्ते का हाथ बताया गया था।

नौ नक्सलियों को गिरफ्तार कर चुकी है पुलिस

पूर्व विधायक गुरुचरण नायक पर हमला कर दो अंगरक्षकों की हत्या व एक अंगरक्षक को घायल करने के मामले में पश्चिमी सिंहभूम की पुलिस ने फरवरी महीने में बिला पंचायत के झीरूवां निवासी पूर्व मुखिया कुजरी केराई सहित नौ को गिरफ्तार किया था। इनके पास से तीन कार्बाइन, 42 राउंड गोली, दो नक्सली बैनर, पांच पोस्टर, एक बाइक व 7 मोबाइल बरामद किए गए थे। गिरफ्तार आरोपितों में प्रधान कोडाह, पुसा लुगून, कुजरी केराई, श्रीराम तुबिद, शैलेंद्र बहांदा, मंगल सिंह लुगून, मंगल सिंह दिग्गी, रंगिया लुगुन व सुनिया सुरीन शामिल थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.