आरएसएस दफ्तर पर हमले में NIA की बड़ी कार्रवाई: पटना में छापामारी, टेरर फंडिंग, सहित कई बिंदुओं पर जांच
एनआईए ने रांची के आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम हमले के मामले में पटना के दो फ्लैटों पर छापेमारी की ...और पढ़ें

16 जून की रात हुआ था हमला, केंद्रीय गृह मंत्रालय के आदेश पर एनआइए कर रही है पूरे मामले की जांच।
HighLights
एनआईए ने रांची के आरएसएस कार्यालय हमले में पटना में छापेमारी की।
बिहार में संदिग्ध संदीप गुप्ता के पटना स्थित दो फ्लैटों पर तलाशी अभियान।
आतंकी फंडिंग, दुबई कनेक्शन और पाकिस्तानी संदिग्धों से मुलाकात का खुलासा हुआ।
राज्य ब्यूरो, रांची। रांची के चुटिया थाना क्षेत्र के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के दफ्तर पर पेट्रोल बम से हमला मामले की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की रांची शाखा ने बुधवार को पटना के दो फ्लैट में छापेमारी की।
वहां गोपालगंज निवासी निजी कंपनी संचालित करने वाले संदिग्ध संदीप गुप्ता की निशानदेही पर पटना के चित्रगुप्त नगर के कुसुम इंफिनिटी अपार्टमेंट के दो फ्लैट में तलाशी अभियान चलाया। इस छापेमारी में वहां की स्थानीय पुलिस ने भी सहयोग किया।
सूचना है कि पूर्व में भी एनआइए वहां छापेमारी की थी, लेकिन संदीप नहीं मिला था। एनआइए को शक है कि संदीप आपराधिक गिरोह को वित्तीय सहायता पहुंचाया था। उसके बैंक खाते भी खंगाले जा रहे हैं। पूर्व में वह गबन के मामले में भी जेल जा चुका है।
आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमले का मामला 16 जून की रात का है। बाइक से पहुंचे दो हमलावरों ने पेट्रोल बम फेंका था। बम उस वक्त फेंका गया था, जब उस कार्यालय में करीब 20 लोग सो रहे थे। उक्त पेट्रोल बम से किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा था।
धमाके की आवाज पर जगे लोग जब तक पूरा मामला समझ पाते, हमलावर भाग निकले थे। इसके बाद रांची पुलिस ने छानबीन कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था।
गिरफ्तार आरोपितों में लोहरदगा निवासी तीनों आरोपित सैफ अंसारी, अमन अंसारी और सायम सुजान शामिल थे। एक आरोपित सैफ पुलिस हिरासत से भागने के क्रम में पुलिस से मुठभेड़ में जख्मी भी हुआ था।
केंद्रीय गृह मंत्रालय के आदेश पर NIA कर रही है पूरे मामले की जांच
आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला मामले में केंद्रीय गृह मंत्रालय के आदेश के बाद एनआईए पूरे मामले की जांच कर रही है। एनआइए टेरर फंडिंग, आतंकी साठगांठ, सांप्रदायिक तनाव भड़काने की साजिश सहित कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
एनआईए ने रांची के चुटिया थाने में दर्ज केस को टेकओवर किया था। इसके बाद से ही एनआइए पूरे मामले की जांच कर रही है। अब तक की जांच में एक आरोपित अमन अंसारी के दुबई आने-जाने की ट्रेवेल हिस्ट्री मिली है।
उसने पूछताछ में यह स्वीकारा भी है कि दुबई में उसकी पाकिस्तान के कुछ संदिग्धों से भी मुलाकात हुई थी। उन्हीं के निर्देश पर उसने दहशत फैलाने के लिए आरएसएस कार्यालय पर बम फेंका था।
