झारखंड में सुरक्षा बलों पर हमला करने के मामले में मध्य प्रदेश के हथियार सप्लायर से एनआइए कर रही है पूछताछ
पश्चिमी सिंहभूम जिले में माओवादियों के डायरेक्शनल बम के हमले में तीन जवानों की शहादत व एक जवान के जख्मी होने की जांच का दायरा मध्य प्रदेश तक पहुंच गया है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने एक हथियार सप्लायर सहित दो आरोपितों को रिमांड पर लिया है।
राज्य ब्यूरो, रांची : पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोकलो थाना क्षेत्र स्थित लांजी पहाड़ी पर चार मार्च को माओवादियों के डायरेक्शनल बम के हमले में तीन जवानों की शहादत व एक जवान के जख्मी होने की जांच का दायरा मध्य प्रदेश तक पहुंच गया है। इस मामले का अनुसंधान कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने एक हथियार सप्लायर सहित दो आरोपितों को रिमांड पर लिया है। उनसे पूछताछ जारी है। जिन्हें रिमांड पर लिया गया है, उनमें हथियार सप्लायर जैकी पार्धी है, जिसे गत वर्ष दिसंबर महीने में सरायकेला-खरसांवा की पुलिस ने गिरफ्तार किया था। वह मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरही थाना क्षेत्र स्थित हीरापुर का रहने वाला है। उसपर माओवादियों तक विस्फोटक, हथियार व कारतूस पहुंचाने का आरोप है। वहीं, एनआइए की रिमांड पर लिया गया दूसरा आरोपित सुखराम रामटाल उर्फ सुकराम तमारिया है, जो पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोकलो थाना क्षेत्र के हरजोरा का रहने वाला है। दोनों ही आरोपित बुधवार तक एनआइए की रिमांड पर हैं। एनआइए की रिमांड पर लिए गए जैकी पार्धी पर आरोप है कि उसने झारखंड में भाकपा माओवादियों के शीर्ष उग्रवादियों तक एके-47 सहित कई घातक हथियार की सप्लाई की है। एनआइए यह जानकारी लेने की कोशिश कर रही है कि जैकी पार्धी अब तक माओवादियों के कौन-कौन से शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर चुका है और कौन-कौन सा हथियार सप्लाई कर चुका है।गौरतलब है कि एनआइए ने 24 मार्च को ही टोकलो थाने में दर्ज प्राथमिकी को टेकओवर करते हुए नई प्राथमिकी दर्ज की थी। उक्त प्राथमिकी में एक करोड़ रुपये के इनामी अनल दा उर्फ तूफान, 10 लाख के इनामी महाराज प्रमाणिक सहित 33 नामजद व 20-25 अज्ञात माओवादियों को आरोपित किया गया था।दर्ज प्राथमिकी के अनुसार टोकलो थाना क्षेत्र के लांजी पहाड़ी पर माओवादियों के दस्ते की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस पर माओवादियों ने डायरेक्शनल बम से हमला कर दिया था, जिसमें तीन जवान शहीद हुए थे और दो जवान जख्मी हो गए थे। शहीद जवानों में झारखंड जगुआर के सिपाही हरिद्वार साह, किरण सुरीन व हवलदार देवेंद्र कुमार पंडित शामिल थे। घायलों में सिपाही दीप टोपनो और निकू उरांव शामिल थे। पुलिस की छापेमारी में तीन फीट लंबा लोहे का पाइप, रबर ट्यूब, बिजली का तार व लोहे के स्पिलिंटर बरामद हुआ था।