Voter List: मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे नए नाम, 8 मई से 8 जून तक विशेष कैंप; पढ़ें जरूरी खबर
झारखंड में वैसे सभी मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे जिनके नाम अभी तक इसमें नहीं जुड़ पाए हैं। एक जनवरी 2020 को अर्हता तिथि मानते हुए मतदाता सूची का पुनरीक्षण होगा।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड में वैसे सभी मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे, जिनके नाम अभी तक इसमें नहीं जुड़ पाए हैं। वहीं, इसमें 18 वर्ष आयु के सभी नए मतदाताओं के नाम भी जोड़े जाएंगे। भारत निर्वाचन आयोग ने इसके लिए झारखंड में विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण कराने का निर्णय लिया है। इसके तहत एक जनवरी 2020 को अर्हता तिथि मानते हुए मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, आठ मई को मतदाता सूची का ड्राफ्ट सभी मतदान केंद्रों पर प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद आठ मई से आठ जून के बीच इसपर आपत्तियां ली जाएंगी। इस दौरान इसमें किसी प्रकार का संशोधन होगा तथा नए नाम शामिल किए जाएंगे। इस बीच 16-17 मई तथा 23-24 मई को मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाकर फॉर्म भरे जाएंगे। 18 जून तक सभी आपत्तियों का निष्पादन किया जाएगा तथा सात जुलाई को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग ने इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को दे दिया है।