Jharkhand Naxal Encounter: चुनाव को बाधित करने की फिराक में थे नक्सली, ट्राई जंक्शन क्षेत्र में मुठभेड़; एरिया कमांडर ढेर
Jharkhand Naxal Encounter झारखंड के रांची संसदीय सीट पर चुनाव के दो दिन पहले खूंटी सरायकेला और पश्चिमी सिंहभूम के ट्राई जंक्शन क्षेत्र में सुरक्षा बलों से मुठभेड़ में माओवादियों का एरिया कमांडर मारा गया है। घटनास्थल पश्चिमी सिंहभूम जिले के बलियाडीह और नवादा गांव में है। यह घोर जंगली क्षेत्र है जो पहले नक्सलियों का सुरक्षित क्षेत्र हुआ करता था।
राज्य ब्यूरो, रांची। रांची संसदीय सीट पर चुनाव के दो दिन पहले खूंटी, सरायकेला और पश्चिमी सिंहभूम जिले की सीमा पर ट्राई जंक्शन क्षेत्र में सुरक्षा बलों से मुठभेड़ में माओवादियों का एरिया कमांडर बुधराम मुंडा मारा गया है। घटनास्थल ट्राई जंक्शन क्षेत्र में पश्चिमी सिंहभूम जिले के कराईकेला थाना क्षेत्र स्थित बलियाडीह व नवादा गांव में है।
यह घोर जंगली क्षेत्र है, जो पहले नक्सलियों का सुरक्षित क्षेत्र था। मारा गया बुधराम मुंडा दस लाख के इनामी अमित मुंडा दस्ते का सक्रिय सदस्य था, जिसके विरुद्ध विभिन्न थानों में नक्सल कांड दर्ज हैं। बुधराम मुंडा खूंटी जिले के अड़की थाना क्षेत्र के हेम्ब्रम चारीसियूद गांव का रहने वाला था।
खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम जिले की पुलिस के अलावा कोबरा 209 बटालियन की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता हाथ लगी है।
इस अभियान के बाद सुरक्षा बलों ने घोर जंगली क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया, जिसमें सुरक्षा बलों ने एक नाइन एमएम की पिस्टल, दो मैगजीन, दो कारतूस, एक पिस्टल पाउच, एसएलआर के 134 कारतूस, दो मैगजीन, एक पाउच, तीन वाकी-टाकी सेट, दो रेडियो, एक नक्सली वर्दी, दो कैप व दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद किया है।
मारे गए नक्सली के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से जारी गाइडलाइंस के आलोक में विधि सम्मत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कुख्यात नक्सलियों की सूचना पर गठित टीम ने की कार्रवाई
झारखंड पुलिस मुख्यालय ने बताया है कि लोकसभा चुनाव में विधि व्यवस्था बनाए जाने के क्रम में सूचना मिली कि प्रतिबंधित संगठन भाकपा माओवादियों के इनामी अमित मुंडा, चमन उर्फ लंबू व प्रभात उर्फ मुखिया अपने दस्ता सदस्यों के साथ ट्राई जंक्शन क्षेत्र में भ्रमणशील है। ये नक्सली किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।
चुनाव के दौरान संवेदनशीलता को देखते हुए उक्त सूचना के सत्यापन के लिए पश्चिमी सिंहभूम पुलिस, खूंटी पुलिस व कोबरा 209 बटालियन की टीम को संयुक्त अभियान में लगाया गया। सुरक्षा बलों का अभियान 22 मई की रात में शुरू हुआ।
अभियान के क्रम में गुरुवार की दोपहर लगभग साढ़े बारह बजे पश्चिमी सिंहभूम के कराईकेला थाना क्षेत्र स्थित बलियाडीह व नवादा गांव के जंगली, पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को देखते ही गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षा बलों ने अपनी सुरक्षा में जवाबी कार्रवाई शुरू की।
यह मुठभेड़ करीब 15 से 20 मिनट तक चला। सुरक्षा बलों को भारी पड़ता देख नक्सली दस्ते के सदस्य पहाड़ व घने जंगल का लाभ लेते हुए भाग खड़े हुए।
गोलीबारी समाप्त होने के बाद सुरक्षा बलों ने सर्च अभियान चलाया, जिसमें एक माओवादी का शव बरामद किया गया। विश्वस्त व जानकार सूत्रों ने सत्यापन के क्रम में मृतक की पहचान माओवादी बुधराम मुंडा के रूप में की है।
यह भी पढ़ें: 'न रैलियों में बुलाया, न बैठकों में...', भाजपा के कारण बताओ नोटिस का जयंत सिन्हा ने दिया जवाब