Crime News: रेलवे में नौकरी लगाने के नाम पर 8.60 लाख की ठगी, महिला से मोबाइल झपटने वाले छिनतई गिरोह गिरफ्तार
Ranchi Crime News रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर झारखंड की राजधानी रांची में लाखों की ठगी की एफआइआर दर्ज कराई गई है। वहीं रांची के करमटोली चौक के पास महिला से मोबाइल झपटने वाले छिनतई गिरोह के पांच अपराधियों को पुलिस ने दबोच लिया है।
रांची, जासं। Ranchi Crime News झारखंड की राजधानी रांची के सदर थाने में रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 8.60 लाख की ठगी की एफआइआर दर्ज कराई गई है। एफआइआर प्रकाश कुमार मंडल ने दर्ज कराया है। प्रकाश मूल रूप से जामताड़ा का रहने वाला है, वर्तमान में बांधगाड़ी रोड नंबर 2 में रहते हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में उनके पिता के मित्र वीरेंद्र राय के दामाद अशोक कुमार सिंह से उनकी मुलाकात हुई थी। अशोक कुमार गोरखपुर उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। परिचय होने के बाद उसने बताया कि वह रेलवे कमर्शियल विभाग में कार्यरत है। रेलवे अधिकारियों से उसकी अच्छी जान पहचान है। यह बात करते हुए रेलवे टिकट कलेक्टर के रूप में नौकरी लगवाने का झांसा दिया और अलग-अलग समय में 8.60 लाख रुपये ठग लिया। कुछ पैसे नगद लिए, जबकि ज्यादातर खाते में ट्रांसफर करवाया। अशोक कुमार सिंह ने अपनी पत्नी पूनम सिंह के माध्यम से भी पैसे लिए। इधर काफी दिन बीत जाने के बाद नौकरी लगवाने के बारे में पूछा तो वह टालमटोल करने लगा। कुछ दिनों के बाद वह कहने लगा आपका पैसा लौटा दूंगा। बाद में मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया। इसके बाद प्रकाश कुमार सदर थाना पहुंचे और एफआइआर दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
महिला से मोबाइल झपटने वाले पांच अपराधी गिरफ्तार, चला रहे थे छिनतई गिरोह
रांची के करमटोली चौक के पास महिला से मोबाइल झपटने वाले पांच अपराधियों को पुलिस ने दबोच लिया है। गिरफ्तार आरोपितों में सुखदेवनगर निवासी अंकित, राज और सोनू वर्मा के अलावा मोबाइल खरीदने वाला संदीप व राजू शामिल हैं। इनके पास से छीना हुआ मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस की पूछताछ में बताया कि ये छिनतई का गिरोह चलाते हैं। सोनू वर्मा इस गिरोह का सरगना है। सोनू हाल के दिनों में एक हत्या के मामले में जेल गया था। छूटने के बाद उसने अपना गिरोह तैयार किया। शहर के विभिन्न इलाकों में घूम-घूम कर लूटपाट और छिनतई करता था। कई जगहों पर उसने छिनतई की घटना को अंजाम दिया है। गोरतलब हे कि बीते दो मार्च को करमटोली के पास ई रिक्शा से गुजर रही महिला से बाइक सवार अपराधियों ने मोबाइल झपट लिया था। इस दौरान महिला नीचे गिर गईं थी, उन्हें चोट भी लगी थी। मामले में लालपुर थाने में केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने सभी की पहचान के बाद आरोपितों को दबोच लिया।