शादी का दबाव बनाने पर लिव इन में रह रही प्रेमिका की हत्या
डैम साइड की रहने वाली खुशबू कुमारी की हत्या उसके प्रेमी मोहन वर्मा ने कर दी।
जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी में लिव इन में रह रही प्रेमिका की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना गोंदा क्षेत्र के मिशन गली डैम साइड का है। पुलिस के मुताबिक, डैम साइड की रहने वाली खुशबू कुमारी (19) की हत्या शनिवार की देर रात उसके प्रेमी मोहन वर्मा ने कर दी। आरोपी मोहन वर्मा धनबाद के लोयाबाद का रहने वाला है। वह रांची के मेन रोड स्थित सिटी मार्केट में सेल्समैन का काम करता है। हत्या के बाद वह फरार हो गया है। उसका मोबाइल भी बंद मिल रहा है। मोहन वर्मा का खुशबू से पिछले दो वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। वह अपने घर में ही मोहन के साथ लिव इन में रहती थी। इसकी जानकारी पूरे परिवार वालों को थी। खुशबू के कमरे में आकर वह रुकता था। घटना के बाद वह फरार हो गया है।
खुशबू की बड़ी बहन गुड़िया कुमारी ने बताया कि मोहन वर्मा शनिवार की रात घर आया था। कमरे में दोनों साथ थे। इस दौरान खुशबू मोहन को शादी के लिए दबाव बना रही थी। इस दौरान दोनों के बीच झगड़ा भी हो रहा था। हालांकि दोनों के बीच अक्सर झगड़ा हुआ करता था। इस वजह से परिजनों ने हल्के में लिया। लेकिन रात के समय मोहन वर्मा ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद सुबह लगभग छह बजे कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर फरार हो गया। उसे भागते हुए पड़ोस के लोगों ने देखा भी था।
मां-पिता भी शादी के लिए बना रहे थे दबाव
खुशबू की बड़ी बहन गुड़िया ने बताया कि मोहन वर्मा को काफी दिनों से शादी के लिए दबाव बनाया जा रहा था। माता-पिता हमेशा उसे शादी के लिए दबाव बना रहे थे। लेकिन हर बार वह कोई बहाना बनाकर टाल देता था। खुशबू द्वारा दबाव बनाए जाने पर वह छोड़ने की धमकी दिया करता था। पिता घर में रहते हैं। मां रेजा का काम करती है।
काम से लौटने के बाद मिली जानकारी
खुशबू की हत्या कर दी गई है, इसकी जानकारी तब मिली, जब रविवार की दोपहर लगभग एक बजे खुशबू की बहन काम से वापस लौटी। बहन के कमरे का दरवाजा खोलकर देखा, तो वहां बहन का शव पड़ा था। उसके गले में गहरे जख्म के निशान थे। इसकी जानकारी पहले माता-पिता को दी। इसके बाद आसपास के लोग जुटे, फिर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पाकर मौके पर गोंदा इंस्पेक्टर अनिल कुमार द्विवेदी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा। मामले में गुड़िया के बयान पर गोंदा थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने हत्यारोपी की तलाश में एक टीम धनबाद भी भेजी है।’
हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। आरोपी के कॉल लोकेशन ट्रेस किए जा रहे हैं। शीघ्र हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-अनिल कुमार द्विवेदी, इंस्पेक्टर गोंदा।
यह भी पढ़ेंः जेल में लालू से मिले तेजस्वी, महागठबंधन की करेंगे कवायद